बासुकिनाथ : विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले इसके लिए सरकार की कई योजनाएं धरातल पर संचालित है. यदि शिक्षक ही विद्यालय को मनमाने तरीके से संचालित करे तो एैसे में बेहतर शिक्षा की कल्पना कैसे की जा सकती है. सोमवार को जरमुंडी प्रखंड के अधिकांश विद्यालय बंद मिला.
नव नियुक्त शिक्षक भी विद्यालय से गायब मिले. इनकी नियुक्ति से समाज के लोगों में आशा जगी थी की शिक्षा के स्तर में सुधार होगा मगर सोमवार को कई विद्यालयों में नये शिक्षक भी नहीं पहुंचे थे. जानकारी के अनुसार सोमवार को उत्क्रमित उच्च विद्यालय बेलदाहा, यूपीएस पहाड़पुर, प्राथमिक विद्यालय राजा सिमरिया सहित कई स्कूल बंद था. ज्ञात हो कुछ स्कूलों में सचिव विद्यालय पहुंचे ही नहीं या फिर हाजिरी बनाकर वापस चले आये.
नये शिक्षक ने भी नहीं खोला बैजनडीह स्कूल का ताला
चोरखेदा पंचायत के राजकीय कृत मध्य विद्यालय 10.21 बजे बंद मिला. स्कूल के सभी कमरे में ताला लटक रहा था. ग्रामीण मनोज कुमार ने बताया कि विद्यालय के सचिव सह शिक्षक अमित कुमार मनमाने तरीके से विद्यालय का संचालन कर रहे हैं. नव नियुक्त शिक्षक भी विद्यालय को सही तरीके से नहीं चला रहे हैं , वेतन के लिए हाय तौबा मचाने वाले नवनियुक्त शिक्षक विद्यालय एवं विद्यालय के बच्चों को कैसे बेहतर शिक्षा मिले कोई मतलब नहीं है. लोगों ने बताया कि शिक्षक मनमाने तरीके से विद्यालय को खोलते हैं व बंद करते हैं. जिससे बैजनडीह विद्यालय में शिक्षा का स्तर अत्यंत गिरा हुआ है. ग्रामीणों ने शिक्षक पर विभागीय कारवाई करने की मांग की.
चोरखेदा विद्यालय में ग्रामीणों ने किया हंगामा
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर चोरखेदा के ग्रामीणों ने सोमवार को विद्यालय परिसर में हंगामा किया. शिक्षक पर मनमाने तरीके से विद्यालय को खोलने व बंद करने का आरोप लगाया. उत्क्रमित मध्य विद्यालय चोरखेदा सुबह के 10.09 बजे बंद मिला. स्कूल के सभी कमरे व कार्यालय में भी ताला लटक रहा था. ग्रामीण बाबुधन मांझी, बबलु मंडल, कैलाश मंडल, अजीत मंडल, विनोद मंडल आदि लोगों ने बताया कि शिक्षक विद्यालय नहीं पहुंचे. बच्चे स्कूल पहुंचे थे लेकिन वापस चले गये. ग्रामीणों ने पदाधिकारी से शिक्षक पर सख्त कारवाई की मांग की है. इस विद्यालय में कुल चार शिक्षक हैं. शिक्षक उमेश मंडल, संजीत मंडल, सावित्री देवी एवं एक अन्य शिक्षिका पर कारवाई की मांग की.
एनपीएस ढाका 12.25 बजे बंद मिला : नव प्राथमिक विद्यालय ढाका 12.25 बजे बंद मिला. आदिवासी संताल बाहुल क्षेत्र में शिक्षा का ज्योति जलाने के लिए सरकार ने नव प्राथमिक विद्यालय की स्थापना गांव में की ताकि गांव के बच्चे गांव में रहकर बेहतर शिक्षा प्राप्त कर सके. सोमवार को 12.25 बजे विद्यालय बंद था शिक्षक गायब थे. ग्रामीणों ने बताया कि शिक्षक ने स्कूल आज खोला ही नहीं है. शिक्षक प्रमिला मुर्मू एवं रेणुका किस्कु पर ग्राम प्रधान बटेश्वर किस्कु ने मनमानी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बच्चों को सही तरीके से न ही शिक्षा मिल रही है और न ही सरकार के किसी योजना का लाभ.
मदनपुर विद्यालय बंद था
नगर पंचायत बासुकिनाथ क्षेत्र के राजकीय उच्च विद्यालय के बगल में प्राथमिक विद्यालय मदनपुर एक बजे बंद पाया गया. दुमका देवघर के मुख्य मार्ग पर स्थित मदनपुर विद्यालय में शिक्षिका द्रौपदी देवी ने स्कूल नहीं खोला. जब नगर क्षेत्र में स्कूल की एैसी स्थिति रही तो सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में विद्यालय तब खुलता होगा व कब बंद होता होगा इसका अनुमान लगाया जा सकता है.
यूपीएस बाराहथगढ़ बंद मिला
बाराहथगढ़ के ग्रामीण अर्जुन राय ने बताया कि स्कूल के शिक्षक ने सोमवार को विद्यालय नहीं खोला है. जब मन होता है तब स्कूल का ताला खुलता व बंद होता है. एैसे शिक्षकों पर निश्चित रूप से कारवाई होनी चाहिए.
डीएसई ने क्या कहा
सोमवार को सभी विद्यालय को खुला रखने का आदेश दिया गया था, बंद विद्यालय के शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटा जायेगा यह गंभीर मामला है, शिक्षक पर विभागीय कारवाई की जायेगी.
अरुण कुमार
जिला शिक्षा अधीक्षक.