ePaper

Dhanbad News : मिलकर कदम बढ़ायेंगे, धनबाद को हरा-भरा बनायेंगे

Updated at : 28 Apr 2025 4:56 AM (IST)
विज्ञापन
Dhanbad News : मिलकर कदम बढ़ायेंगे, धनबाद को हरा-भरा बनायेंगे

आइये धरती का कर्ज उतारें. पृथ्वी दिवस पर आयोजित प्रभात खबर के छह दिवसीय अभियान के अंतिम दिन पदयात्रा में शामिल हुए जिले भर के लोग

विज्ञापन

पृथ्वी दिवस के अवसर पर प्रभात खबर द्वारा 22 अप्रैल से चलाये जा रहे एक हफ्ते के जागरूकता अभियान आइये धरती का कर्ज उतारें का समापन रविवार 27 अप्रैल को पदयात्रा के साथ हुआ. गोल्फ ग्राउंड से शुरू पदयात्रा का समापन रणधीर वर्मा चौक पर हुआ. कार्यक्रम में रंग बिरंगे पोशाक में शामिल बच्चों ने सबको प्रभावित किया. सबसे आगे चल रहे किड्स गार्डेन स्कूल की बैंड पार्टी में शामिल छात्राओं ने शुरू से अंत तक सबमें जोश भरा. पदयात्रा में जिले के सभी वर्गों के प्रबुद्धजनों ने अपनी भागीदारी निभायी. इस दौरान अपने संबोधन में धनबाद के विधायक राज सिन्हा ने अभियान के लिए प्रभात खबर की सराहना करते हुए सबसे आग्रह किया कि पृथ्वी का कर्ज उतारने में अपनी भूमिका निभायें. बाघमारा के विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा कि यही कारण है कि प्रभात खबर को आंदोलन कहा जाता है. पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने कहा कि आज जब बीसीसीएल अपनी भूमिका से हट रहा, तो आमजनों को ही आगे आना होगा. आइएमए के प्रदेश अध्यक्ष डॉ एके सिंह ने प्रभात खबर की प्रशंसा करते हुए कहा कि एक पौधा सब लगायें और उसकी रक्षा भी करें. जिला चेंबर के अध्यक्ष चेतन गोयनका लोगों से इस अभियान को आगे ले जाने का आग्रह किया. समाचार पत्र विक्रेता समिति के संगठन सचिव अंकुर मंडल ने कहा कि पेड़ों से सबका जीवन-मरण का नाता है, इसलिए इनकी रक्षा करें. कार्यक्रम के समापन पर प्रेस क्लब में प्रभात खबर की ओर से सभी संगठनों को स्मार पत्र देकर सम्मानित किया गया. इस दौरान सेल्फी स्टैंड का भी काफी क्रेज दिखा. सबने अपनी तस्वीर खिंचवाई और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया.

मौसम ने भी दिया साथ :

रविवार को मौसम ने भी साथ दिया. आसमान में बादल छाये रहे और गर्मी का एहसास नहीं हुआ. इस वजह से लोगों में और उत्साह रहा. लोगों का कहना था कि प्रभात खबर के अभियान को प्रकृति का भी साथ मिला.

बच्चों संग पहुंचे थे लोग :

प्रभात खबर के इस छह दिवसीय अभियान में शहर वासियों ने भी अपनी जबरदस्त भूमिका निभायी. रंग बिरंगे ड्रेस में अपने बच्चों संग लोग पहुंचे थे. सबमें काफी जोश था.

पर्यावरण संरक्षण के गूंजते रहे नारे :

पदयात्रा में शामिल लोगों व बच्चों ने अपने-अपने हाथ में पर्यावरण संरक्षण से संबंधित तख्तियां ले रखीं थीं. उन पर लिखे नारों के साथ उछलते-कूदते बच्चों की तसवीर लेने वालों की होड़ थी.

तैनात रहे पुलिस के जवान :

पदयात्रा को लेकर ट्रैफिक पुलिस तैनात रही. ट्रैफिक डीएसपी अरविंद सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारी और जवान पूरे रास्ते डटे रहे और पूरे पदयात्रा में आवागमन को बहाल रखा. इस दौरान मुस्तैद रहे धनबाद थाना के सब इंस्पेक्टर सुजीत सिंह, एएसआई धनंजय सिंह, एएसआई मुकेश सूरीन व एएसआई सुनेश्वर उरांव.

साप्ताहिक आयोजन में जो हुए :

22 अप्रैल को पृथ्वी दिवस के दिन साइकिल व बाइक रैली के साथ प्रभात खबर के अभियान आइये धरती का कर्ज उतारें की शुरुआत हुई. 23 अप्रैल को जिले के सभी स्कूलों व संस्थानों में पौधरोपण का आयोजन हुआ. 24, 25 व 26 अप्रैल को जिले के विभिन्न स्कूलों में पर्यावरण संरक्षण से संबंधित गोष्ठी के माध्यम से बच्चों में जागरूकता फैलायी गयी. इसी क्रम में शहर के विभिन्न महत्वपूर्ण चौक-चौराहों पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने लोगों को जागरूक किया. इस दौरान लोगों में जूट के थैले भी बांटे गये. समापन 27 अप्रैल को पदयात्रा के साथ हुआ.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
NARENDRA KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By NARENDRA KUMAR SINGH

NARENDRA KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola