Dhanbad News : यूजी सेमेस्टर-दो परीक्षा में शून्य अंक मिलने पर हंगामा, एनएसयूआइ ने किया विरोध प्रदर्शन

छात्रों के सामने कॉपियों की दुबारा हुई जांच, पुनर्मूल्यांकण से इनकार
बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय में सोमवार को एनएसयूआइ के कार्यकर्ताओं ने कुलपति प्रो राम कुमार सिंह का घेराव किया. यूजी सेमेस्टर दो (सत्र 2023-27) की परीक्षा में कई छात्रों को कम अंक मिलने और कुछ को शून्य अंक दिये जाने का एनएसयूआइ विरोध कर रहा था. संगठन का आरोप था कि इंग्लिश में एमडीसी और हिन्दी और इंग्लिश के एइसी पेपर में कई छात्रों को शून्य अंक मिले हैं, जो संभव नहीं है. इस मुद्दे को लेकर संगठन ने कुलपति के समक्ष आपत्ति दर्ज करायी गयी. एनएसयूआइ का कहना है कि विवि प्रशासन छात्रों को शून्य अंक देने की जिम्मेदारी से बच नहीं सकता. संगठन ने सवाल उठाया कि जब 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य है और अभी कॉलेजों में लगभग सभी विषयों में शिक्षकों की संख्या भी पर्याप्त है, तो कई छात्र परीक्षा में 10 अंक भी क्यों नहीं ला पा रहे हैं? संगठन ने मांग की कि विवि प्रशासन को जांच समिति गठित कर संबंधित कॉलेजों में शिक्षण गुणवत्ता की समीक्षा करनी चाहिए और शिक्षकों की कार्यशैली का मूल्यांकन करना चाहिए. इस विरोध प्रदर्शन में एनएसयूआइ की प्रदेश सचिव प्रिया गुप्ता, राज रंजन सिंह, सनी सिंह, सुधीर कुमार, मयंक कुमार, सूरज कुमार, राहुल राज, संदीप कुमार समेत कई छात्र शामिल थे.
शिक्षकों के सामने दुबारा हुई कॉपियों की जांच :
विवि प्रशासन ने छात्रों की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए उनके सामने ही शून्य अंक प्राप्त उत्तर पुस्तिकाओं को खोलकर दुबारा जांच करायी. शिक्षकों ने पुनः कॉपियों का मूल्यांकन किया और पाया कि छात्रों ने सही उत्तर नहीं लिखा था. इसके बाद छात्रों द्वारा जानबूझकर कम अंक देने के दावे को खारिज कर दिया गया और किसी भी प्रकार के पुनर्मूल्यांकन से इनकार कर दिया गया. बैठक में कुलपति प्रो राम कुमार सिंह, डीएसडब्ल्यू डॉ. पुष्पा कुमारी, परीक्षा नियंत्रक डॉ. सुमन बरनवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.छात्रों को इसपर थी आपत्ति
कोर्स चयन में समस्या :
एनएसयूआइ ने आरोप लगाया कि एमडीसी पेपर में छात्रों को यह स्पष्ट नहीं होता कि उन्हें कौन-सा विषय चुनना है. विवि प्रशासन ने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही विवि पोर्टल पर कोर्स कॉम्बिनेशन की पूरी जानकारी अपलोड की जाएगी, जिससे छात्रों को भविष्य में ऐसी समस्याएं न हों.मार्किंग सिस्टम की पारदर्शिता :
छात्रों का कहना था कि उन्हें सेमेस्टर ग्रेड प्वाइंट एवरेज (एसजीपीए) और कम्यूलेटिव ग्रेड प्वाइंट एवरेज (सीजीपीए) की गणना का तरीका स्पष्ट नहीं है. विवि प्रशासन ने घोषणा की कि शीघ्र ही विवि पोर्टल पर एसजीपीए और सीजीपीए कैलकुलेटर उपलब्ध कराया जायेगा, जिससे छात्र स्वयं अपनी ग्रेड गणना कर सकेंगे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




