Dhanbad News : मांदर की थाप, गीत व नृत्य ने जीवंत की आदिवासी संस्कृति

Updated:
विज्ञापन
Dhanbad News : मांदर की थाप, गीत व नृत्य ने जीवंत की आदिवासी संस्कृति

विश्व आदिवासी दिवस. प्रतिभाशाली खिलाड़ियों व अधिकारियों को किया गया सम्मानित

विज्ञापन

बाबा तिलका मांझी स्मारक समिति की ओर से न्यू टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम आदिवासी रंग में रंगा नजर आया. मंच से लेकर दर्शकदीर्घा तक, हर ओर पारंपरिक परिधानों में लोग थे. पुरुष जहां धोती, फेटा व पारंपरिक गहनों से सजे थे, वहीं महिलाएं रंग-बिरंगे फूल, साड़ी और चांदी के आभूषणों में मनमोहक लग रही थीं. ढोल-नगाड़ों की थाप, नृत्य-गान व आदिवासी झंडों ने पूरे माहौल को सांस्कृतिक रंगों से भर दिया. मौका था विश्व आदिवासी दिवस पर सम्मान समारोह का. शनिवार को आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और श्रद्धांजलि देकर की गयी. विभिन्न जगहों से आये छात्र-छात्राओं ने आकर्षक आदिवासी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया. मुख्य अतिथि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (निरसा) रजत मणी बाखला ने कहा कि आदिवासी समाज में प्रतिभा की कमी नहीं है, आवश्यकता है सही मार्गदर्शन और निरंतर प्रयास की. उन्होंने युवाओं से अपनी सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत को संजोकर आगे बढ़ने का आह्वान किया. विशिष्ट अतिथि वाणिज्य कर पदाधिकारी अशोक हांसदा ने कहा कि संविधान में आदिवासी समाज के लिए कई प्रावधान हैं, लेकिन शिक्षा के बिना अपने अधिकार प्राप्त करना संभव नहीं है. उन्होंने समाज से कुरीतियां दूर करने की अपील की. वहीं डॉ लक्ष्मण सोरेन ने आजादी में आदिवासियों के योगदान पर चर्चा की. साथ ही जल, जंगल, जमीन के अधिकारों को धरातल पर उतारने की आवश्यकता पर जोर दिया.

प्रतिभाओं का सम्मान और गणमान्यों की उपस्थिति

कार्यक्रम में झारखंड प्रशासनिक सेवा में चयनित अनीता टुडू, भारतीय महिला हॉकी टीम की सदस्य व विश्व कप कांस्य पदक विजेता बिगन सोय, जल संसाधन विभाग के अभियंता मार्शल मुर्मू व अनूप मुर्मू को मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया. कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ शत्रुघ्न सोरेन, डॉ वीपी सोरेन, जोय हेम्ब्रम, बिरसा मुंडा, लोअर सिंह मुंडा, राजू मरांडी व नेहरू हेंब्रम ने भी अपने विचार व्यक्त किये. आयोजन को सफल बनाने में समिति के संरक्षक बिरेंद्र हांसदा, अध्यक्ष रायमुनी देवी मुर्मू, सचिव प्रमोद कुमार हेंब्रम, कोषाध्यक्ष परेश मुर्मू के साथ विजय हांसदा, संजय हांसदा, मंटू मरांडी, अजीत हेंब्रम, देशनारायण मुर्मू, सनातन मुर्मू, विश्वनाथ हेंब्रम आदि थे. कार्यक्रम का संचालन मंटू मुर्मू व धन्यवाद ज्ञापन प्रमोद हेंब्रम ने किया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Narendra Kumar Singh

लेखक के बारे में

By Narendra Kumar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola