Dhanbad News: तीन गार्डों की पिटाई कर छह लाख के लोहा-पीतल लूटे, एक गंभीर
Published by : OM PRAKASH RAWANI Updated At : 15 May 2026 2:19 AM
Dhanbad News: दुस्साहस. इसीएल की बंद बराकर इंजीनियरिंग वर्कशॉप में हुई घटना
Dhanbad News: इसीएल मुगमा क्षेत्र अंतर्गत बंद बराकर इंजीनियरिंग वर्कशॉप में बुधवार की देर रात हथियारों से लैस अपराधियों ने ड्यूटी पर तैनात तीन सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर स्टोर रूम से करीब छह लाख के लोहा-पीतल लूट कर फरार हो गये. अपराधियों की पिटाई से घायल सुरक्षाकर्मी काजल मंडल की हालत गंभीर बतायी जा रही है. इधर, सूचना पाकर गुरुवार को कोलियरी अभिकर्ता केपी द्विवेदी, सुरक्षा पदाधिकारी रूपेश मिश्रा वर्कशॉप पहुंचे और घटना की जानकारी ली. अभिकर्ता की शिकायत पर निरसा थाना में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है.
तीन घंटे तक मचाया उत्पात
सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि देर रात 20-22 की संख्या में अपराधी वर्कशॉप के डीजी टीम की चहारदीवारी काट कर अंदर घुसे और गार्ड काजल मंडल, अनूप चक्रवर्ती व सौमित्र नायक को हथियार का भय दिखाते हुए अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद हाथ-मुंह में पट्टी बांधकर जमीन पर लेटा दिया. तीनों गार्ड के मोबाइल क्षतिग्रस्त कर दिया. टॉर्च छीन ली. इसके बाद स्टोर रूम का ताला तोड़कर कांसा, पीतल व लोहे के सामानों को लूटा. अपराधियों ने तीनों गार्डों की पिटाई भी की. एक गार्ड काजल मंडल की हालत गंभीर बनी हुई है. इसीएल सांकतोड़िया अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है. वहीं अनूप चक्रवर्ती व सौमित्र नायक को इलाज के बाद छोड़ दिया गया. पिस्टल व बम लेकर आये थे. अपराधियों ने तीन घंटे तक उत्पात मचाया. भोर चार बजे गार्ड अनूप ने किसी तरह अपना हाथ-पैर खोला और शोर मचाया. इसके बाद वर्कशॉपकर्मी हरे राम, आफताब आलम, भागीरथ आदि पहुंचे और मुकुल सिंह, दिवाकर राय के सहयोग से तीनों गार्डों को सांकतोड़िया अस्पताल भिजवाया. अभिकर्ता केपी द्विवेदी को सूचना दी. इधर, कर्मियों ने अभिकर्ता से वर्कशॉप में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है.
अपराधियों ने आधे तक शराब पी, धूम्रपान भी किया
गार्ड ने बताया कि अपराधी शराब की बोतल लेकर आये थे. लूटपाट से पहले आधे घंटे तक अपराधियों ने शराब पी और धूम्रपान किया.
पिकअप वैन से आये थे अपराधी, उसी से लूटे गये सामान ले गये
अपराधी पिकअप वैन से आये थे. लूटे गये सामान उसी पर लोड कर ले गये. लूटे गये सामानों में ब्रास एंड ब्रांच के कीमत लगभग साढे चार लाख तथा लौह सामग्री की कीमत डेढ़ लाख रुपये बतायी जा रही है. अपराधी बगल के श्मशान घाट से कपड़ा लेकर आये थे. अपराधी वर्कशॉप में लौहा काटने के औजार वहीं छोड़ कर भाग गये.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










