कृषि बाजार में अनधिकृत लोगों की एंट्री पर रहेगी पाबंदी

Updated at : 04 Jun 2024 1:25 AM (IST)
विज्ञापन
कृषि बाजार में अनधिकृत लोगों की एंट्री पर रहेगी पाबंदी

कलेक्ट्रेट से कृषि बाजार पहुंचने के लिए रिंग कार व रिंग बस सेवा रहेगी उपलब्ध

विज्ञापन

विशेष संवाददाता, धनबाद,

मंगलवार को कृषि बाजार समिति में होने वाली मतगणना की प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गयी है. इस दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए कृषि बाजार प्रांगण में मजिस्ट्रेट व पुलिस पदाधिकारी तथा यातायात व्यवस्था के लिए मजिस्ट्रेट व पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है. प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट व पुलिस पदाधिकारियों को सोमवार को न्यू टाउन हॉल में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त माधवी मिश्रा एवं वरीय पुलिस अधीक्षक एचपी जनार्दनन ने संयुक्त रूप से बैठक कर उन्हें ड्यूटी के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिये. उपायुक्त ने कहा : सभी मजिस्ट्रेट व पुलिस पदाधिकारी धैर्य और शांति रखकर अपनी ड्यूटी करेंगे. कृषि बाजार में प्रवेश के लिए जिला प्रशासन ने फोटो युक्त पहचान पत्र जारी किया है. इसलिए अनधिकृत लोगों का कृषि बाजार प्रांगण में प्रवेश नहीं होने पाये, यह मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारी सुनिश्चित करेंगे. उपायुक्त ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान जिस तरह सभी ने जिम्मेदारी पूर्वक अपने कर्तव्य का पालन किया, उसी तरह चुनाव के आखिरी चरण में भी जिम्मेदारी पूर्वक अपने कर्तव्य का पालन करेंगे.

सुबह चार बजे से ड्यूटी पर पहुंचे अधिकारी, कर्मी :

उपायुक्त ने कहा कि सभी कर्मी सुबह 4:00 बजे तक प्रतिनियुक्त स्थान पर पहुंच जायेंगे और मतगणना समाप्ति तक सतर्क रहकर अपने स्थान पर मौजूद रहेंगे. मतगणना कर्मियों व मतगणना एजेंट को पहचान पत्र देखकर सही रास्ते से हॉल में प्रवेश करायेंगे. प्रवेश करने से पूर्व मोबाइल फोन, खाद्य सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट सहित अन्य प्रतिबंधित वस्तु किसी के पास नहीं है, की बारीकी से जांच करेंगे. उपायुक्त ने पुनः दोहराते हुए कहा कि काउंटिंग एजेंट मतगणना हॉल से बाहर जरूर निकल सकते हैं. परंतु कृषि बाजार प्रांगण से एक बार बाहर निकलने के बाद उन्हें प्रवेश की अनुमति नहीं दी जायेगी. साथ ही बैठक के बाद सभी को कृषि बाजार पहुंचकर उनके प्रतिनियुक्त स्थल को एक बार देख लेने का निर्देश दिया.

सतर्कता के साथ ड्यूटी करें पुलिस अधिकारी : एसएसपी

वरीय पुलिस अधीक्षक एचपी जर्नादनन ने कहा कि सभी पुलिस पदाधिकारी सतर्क रहकर अपनी ड्यूटी करेंगे और सुबह 4:00 बजे प्रतिनियुक्त स्थल पर योगदान देना सुनिश्चित करेंगे. उन्होंने सभी को सतर्क रहकर अपने कर्तव्य का पालन करने व लोगों के साथ अच्छा व्यवहार करने का अनुरोध किया. वहीं मतगणना के दिन चार जून को मतगणना कार्य की समाप्ति तक मेमको मोड़ चौक से निरंकारी चौक तक जाने वाली सड़क में आम जनता के लिए वाहन लेकर आवागमन बंद रहेगा. पदाधिकारी, मतगणना कर्मी, मीडिया कर्मी के लिए कलेक्ट्रेट में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी. कलेक्ट्रेट से रिंग कार सेवा तथा रिंग बस सेवा से उन्हें कृषि बाजार ले लाने और वापस कलेक्ट्रेट लाने की व्यवस्था रहेगी. प्रत्याशियों व उनके एजेंट के लिए मेमको मोड़ से गोल बिल्डिंग तथा मेमको मोड़ से कुर्मीडीह की ओर जाने वाले सड़क के सर्विस लेन पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी. मेमको मोड़ से निरंकारी चौक तक सड़क पर अवैध पार्किंग करने पर जुर्माना वसूला जाएगा. बैठक में उप विकास आयुक्त सादात अनवर, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद, एसडीएम उदय रजक, अपर नगर आयुक्त प्रकाश कुमार, डीटीओ दिवाकर सी द्विवेदी, डीपीआरओ सुनील कुमार सिंह के अलावा पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय 2, पुलिस उपाधीक्षक यातायात व अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola