Dhanbad News : बलियापुर में नाइट गार्ड की हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंका
Published by : NARAYAN CHANDRA MANDAL Updated At : 10 Jun 2026 1:09 AM
Dhanbad News : बलियापुर में नाइट गार्ड की हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंका
Dhanbad News : कुसमाटांड़ के नीमटांड़ निवासी 58 वर्षीय अजीत रवानी का शव मंगलवार शाम गोलमारा जाने वाली सड़क के किनारे झाड़ी से बरामद होने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गयी. अजीत रवानी रविवार शाम नाइट ड्यूटी के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे. परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी. अजीत रवानी आमझर स्थित बंद पड़ी श्री इंटरप्राइजेज फ्लाई ऐश फैक्ट्री में नाइट गार्ड थे. उनके साथ गाजन महतो भी ड्यूटी पर थे. फैक्ट्री के सिक्योरिटी इंचार्ज आशीष कुमार बिद ने सोमवार को पुलिस को सूचना दी थी कि गाजन महतो घायल अवस्था में मिले हैं और उनका इलाज धनबाद में चल रहा है, जबकि अजीत रवानी के घर चले जाने की जानकारी दी गयी थी.
सोमवार रात परिजनों द्वारा अजीत के घर नहीं लौटने की शिकायत किये जाने के बाद बलियापुर पुलिस सक्रिय हुई. मंगलवार सुबह पुलिस ने आमझर स्थित फैक्ट्री परिसर में जांच शुरू की और खोजी कुत्ते की भी मदद ली. इस दौरान सिंदरी की पुलिस इंस्पेक्टर नूतन मोदी तथा एसडीपीओ पीसी महतो भी मौके पर पहुंचे.माथे पर है चोट का निशान
इसी बीच मंगलवार करीब तीन बजे पुलिस को सूचना मिली कि रानी रोड से गोलमारा जाने वाले मार्ग के किनारे झाड़ी में एक शव पड़ा है. मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान अजीत रवानी के रूप में की. मृतक के माथे पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया है.आशंका : शराब पीने का विरोध किया था दोनों गार्डों नेसूत्रों के अनुसार जिस बंद फैक्ट्री में दोनों गार्ड कार्यरत थे, वहां रेलवे लाइन चौड़ीकरण कार्य में लगी मशीनें और हाइवा रखे जाते हैं. बताया जा रहा है कि रविवार रात कुछ चालक फैक्ट्री परिसर में शराब पीना चाहते थे, जिसका दोनों गार्डों ने विरोध किया था. आशंका जतायी जा रही है कि इसी विवाद को लेकर मारपीट हुई होगी. वहीं स्थानीय लोगों का मानना है कि शव को बाद में घटनास्थल पर लाकर फेंका गया हो सकता है. घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. मृतक के परिवार में पत्नी पुष्पा देवी तथा तीन पुत्र अमित, सुमित और दीपक रवानी हैं.हत्या का मामला होता है प्रतीत : पुलिस
इस संबंध में बलियापुर थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. प्रथमदृष्टया हत्या का मामला प्रतीत होता है. किसी ने अभी तक शिकायत नहीं की है, शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया जायेगा. मामले की गहनता से जांच की जा रही है.पिता की हत्या की गयी है : पुत्र
मृतक के पुत्र अमित रवानी और सुमित रवानी ने कहा कि पिता की हत्या कर शव को झाड़ी में फेंका गया था. पुलिस जांच कर अपराधियों को गिरफ्तार कर, मामले का खुलासा करे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










