Dhanbad News : अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ रही है हिंदी की पहचान : सीएमडी

Updated at : 29 Jan 2025 1:22 AM (IST)
विज्ञापन
Dhanbad News : अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ रही है हिंदी की पहचान : सीएमडी

प्रथम सत्र में आस्था जैन ने ‘राजभाषा हिंदी की 75 वर्षों की गौरव यात्रा’ विषय पर अपना मुख्य व्याख्यान दिया.

विज्ञापन

नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) धनबाद की ओर से 10वां राष्ट्रीय राजभाषा सम्मेलन मंगलवार को कोयला नगर स्थित बीसीसीएल के सामुदायिक केंद्र में हुआ. उद्घाटन नराकास धनबाद के अध्यक्ष सह बीसीसीएल के सीएमडी समीरन दत्ता ने किया. नराकास अध्यक्ष सह बीसीसीएल सीएमडी श्री दत्ता ने कहा कि हिंदी की पहचान अंतराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ रही है. धनबाद स्थित केंद्र सरकार के सभी कार्यालय नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति के माध्यम से एकजुट होकर राजभाषा हिंदी को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं. प्रथम सत्र में आस्था जैन ने ‘राजभाषा हिंदी की 75 वर्षों की गौरव यात्रा’ विषय पर अपना मुख्य व्याख्यान दिया. डॉ विचित्रसेन गुप्ता, उप निदेशक (कार्यान्वयन), क्षेत्रीय कार्यान्वयन कार्यालय, कोलकाता ने भी इस विषय पर अपने विचार साझा किये. जबकि द्वितीय सत्र में बालेंदु शर्मा दाधीच, निदेशक (मार्केटिंग प्रमुख, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, सिंगापुर एशिया), माइक्रोसॉफ्ट ने ‘हिंदी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता’ विषय पर एक रोचक और ज्ञानवर्धक प्रस्तुति दी. तृतीय सत्र में अजय मलिक, पूर्व उप निदेशक (कार्यान्वयन) राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय ने केंद्रीय राजभाषा समिति के निरीक्षण और राजभाषा नीति पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया. वहीं अंतिम सत्र में प्रो हिमांशु शेखर चौधरी, कोयलांचल विश्वविधालय, धनबाद ने ‘हिंदी के विकास में क्षेत्रीय भाषाओं का योगदान’ विषय पर अपने विचार रखे. मौके पर बीसीसीएल के डीपी मुरली कृष्ण रमैया, डीएफ राकेश कुमार सहाय, डीआइजी (सीआइएसएफ) आनंद सक्सेना, कोयला मंत्रालय की संयुक्त निदेशक (राजभाषा) आस्था जैन, सेल के सीजीएम वाइके पासवान आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे. नराकास धनबाद के लगभग 50 सदस्य कार्यालयों के प्रतिनिधियों के अलावा कोल इंडिया व इसकी अनुषंगी कंपनियों के प्रतिभागियों ने इस कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की. कार्यक्रम में स्वागत संबोधन बीसीसीएल के महाप्रबंधक (राजभाषा) कुमार मनोज व समापन नराकास धनबाद के सदस्य सचिव दिलीप कुमार सिंह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ.

‘कोयला इस्पात भारती’ का विमोचन :

उद्घाटन सत्र में सेल द्वारा प्रकाशित पत्रिका ‘कोयला इस्पात भारती’ पत्रिका का विमोचन किया गया. इस अवसर पर एक भव्य राजभाषा प्रदर्शनी व पुस्तक मेला का भी आयोजन किया गया. पुस्तक मेला का उद्घाटन नराकास अध्यक्ष समीरन दत्ता ने किया. मेले में लगभग 500 से अधिक पुस्तकों का प्रदर्शन किया गया. इनमें तकनीकी, साहित्यिक और शैक्षणिक पुस्तकें शामिल थी. इस दौरान सेल, बीसीसीएल, यूनियन बैंक और कैनरा बैंक के स्टॉल को क्रमशः प्रथम, द्वितीय, तृतीय और प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किये गये.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola