गोविंदपुर के 35 आंगनबाड़ी केंद्रों की बदलेगी सूरत, खर्च होंगे 2.77 करोड़
प्रतिकात्मक फोटो
धनबाद के गोविंदपुर प्रखंड में 35 आंगनबाड़ी केंद्रों के जीर्णोद्धार के लिए 2.77 करोड़ रुपये की निविदा जारी, जानें पूरी जानकारी।
गोविंदपुर प्रखंड के 35 आंगनबाड़ी केंद्रों के जीर्णोद्धार का रास्ता साफ हो गया है. ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, धनबाद ने इन केंद्रों के जीर्णोद्धार के लिए अति अल्पकालीन इ-निविदा आमंत्रित की है. सभी 35 योजनाओं की कुल अनुमानित लागत करीब 2.77 करोड़ रु है. प्रत्येक कार्य को पूरा करने के लिए तीन माह की अवधि निर्धारित की गयी है.
7.02 लाख से 9.44 लाख रु तक की लागत
जारी टेंडर के अनुसार हर आंगनबाड़ी केंद्र के जीर्णोद्धार पर अनुमानित राशि अलग-अलग निर्धारित है. सबसे कम लागत वाला कार्य छोटा पिछरी-01 में होगा. इसकी अनुमानित राशि 7.027 लाख रु है, जबकि बाबू बहराडीह आंगनबाड़ी केंद्र के जीर्णोद्धार की अनुमानित लागत 9.445 लाख रु है.
इसके अलावा माचामेहुल में 9.067 लाख, सरकारडीह-01 में 8.972 लाख, डुमरियाटांड में 8.978 लाख और पंडुकी-02 में 8.672 लाख रु की लागत निर्धारित है.
35 केंद्रों में होंगे जीर्णोद्धार
कार्यनिविदा में घोसकोडीह, बड़ा पिछडी-01, उपर अंकुरा, उदयपुर-01, तिलैया, सीधाबाद, सोनरिया, मरीचो, परधो, खरनी-02, खरमो, छोटा पिचरी-01, कारालगा, बड़ाजमुआ-02, बाबु बहराडीह, बड़ा पिचरी-02, बनतोड़, कल्याणपुर, जयपुर, डुमरियाटांड, विराजपुर, दामकारा बरवा-02, बेलटांड, गोरतोपा-03, बांधडीह, किष्टोपुर, माचामहुल, शिमलाटांड, पिपराटांड, पण्डुकी-02, सरकारडीह-01, मटियाला-02, गौरतोपा-04, परसबनिया और नगरकियारी-02 के आंगनबाड़ी केंद्र शामिल हैं.
14 अगस्त से शुरू होगी निविदा प्रक्रिया
वेबसाइट पर निविदा का प्रकाशन 14 अगस्त 2026 को होगा. इ-निविदा 14 अगस्त को अपराह्न 2 बजे से 20 अगस्त को अपराह्न 5 बजे तक ऑनलाइन जमा होगी. निविदा 22 अगस्त को अपराह्न 2 बजे कार्यपालक अभियंता के कार्यालय, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, धनबाद में खोली जायेगी. परिमाण विपत्र की राशि 1,250 रु निर्धारित है. अग्रधन की राशि परिमाण विपत्र की राशि के दो प्रतिशत के अनुसार देय होगी.
तीन समूह श्रमिक सहयोग समिति के लिए आरक्षित
निविदा की शर्तों के अनुसार समूह सं 7, 19 और 23 श्रमिक सहयोग समिति लिमिटेड के लिए आरक्षित हैं. सहकारिता विभाग से विधिवत निबंधित श्रमिक सहयोग समितियां ही इन समूहों में भाग ले सकेंगी. इन समितियों से दो प्रतिशत अग्रिम जमानत राशि नहीं ली जायेगी. जिन संवेदकों का पूर्व से कोई कार्य लंबित है अथवा कार्यान्वयन संतोषजनक नहीं रहा है, उनके कार्य आवंटन पर विचार नहीं होगा. निविदा शुल्क और अग्रधन की राशि केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










