Dhanbad News : नगर निगम का चला स्पेशल ड्राइव, सिटी सेंटर से सीडी कॉलोनी तक हटाया गया अतिक्रमण
Published by : NARENDRA KUMAR SINGH Updated At : 22 Jul 2025 1:48 AM
100 से अधिक गुमटी, चबुतरा, शेड, चूल्हा व होटल को हटाया गया, आज रणधीर वर्मा चौक से आईएसएम गेट तक चलेगा स्पेशल ड्राइव
धनबाद. नगर निगम की ओर से सिटी सेंटर से सीडी सिंह कॉलोनी तक स्पेशल ड्राइव चलाया गया. एक अगस्त को आइआइटी आइएसएम में आयोजित राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर सार्वजनिक मार्गों, फुटपाथों व नाली क्षेत्रों पर किये गये अवैध कब्जों को हटाया गया. नगर आयुक्त के निर्देश पर सहायक नगर आयुक्त प्रसुन्न कौशिक व सहायक नगर आयुक्त शनि कुमार के नेतृत्व में यह अभियान चला. अभियान में नगर प्रबंधक, स्वच्छता निरीक्षक, पुलिस बल व दंडाधिकारी की उपस्थिति में कार्यवाही की गयी. नगर निगम द्वारा पूर्व में मुनादी करवा कर अतिक्रमणकारियों को अंतिम चेतावनी दी गयी थी, इसके पश्चात अनधिकृत ढांचों को नियमानुसार हटाया गया.
स्वच्छ, सुरक्षित व व्यवस्थित शहर के निर्माण में भागीदारी बनें : नगर आयुक्त
नगर आयुक्त रवि राज शर्मा ने नागरिकों से अपील की है कि वे नगर निगम के सहयोगी बनें व स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित शहर के निर्माण में भागीदार बनें तथा सार्वजनिक संपत्ति की गरिमा बनाये रखें. निगम द्वारा भविष्य में अन्य प्रमुख क्षेत्रों में भी नियमित रूप से अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जायेगा. सभी व्यवसायियों, दुकानदारों एवं निवासियों से आग्रह है कि वे स्वयं अतिक्रमण हटाएं एवं कानून के उल्लंघन से बचें. किसी भी प्रकार के उल्लंघन की स्थिति में नगर निगम को बाध्य होकर कठोर विधिक कार्रवाई करेगा.
आज रणधीर वर्मा चौक से आइआइटी आइएएम तक चलेगा स्पेशल ड्राइव
रणधीर वर्मा चौक से आइआइटी आइएसएम तक मंगलवार को स्पेशल ड्राइव चलाया जायेगा. नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने के लिए सोमवार को मुनादी करायी है. मंगलवार को सुबह सात बजे से ड्राइव शुरू किया जायेगा.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










