Dhanbad News: रामनवमी पर सुरक्षा घेरे में रहेगा पूरा धनबाद, डीजे, हथियार और भड़काऊ नारों पर पूर्ण प्रतिबंध

Updated:
विज्ञापन
Dhanbad News: रामनवमी पर सुरक्षा घेरे में रहेगा पूरा धनबाद, डीजे, हथियार और भड़काऊ नारों पर पूर्ण प्रतिबंध

अखाड़ा जुलूस में 100 लोग ही हो सकेंगे शामिल. नियम तोड़ने पर होगी सख्त कार्रवाई. ड्रोन से होगी निगरानी, अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की रहेगी नजर.

विज्ञापन

रामनवमी को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में है. इस बार ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं, ताकि पर्व शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके. प्रशासन ने सभी अखाड़ा व जुलूस समितियों को सख्त निर्देश दिया है कि वे केवल लाइसेंस में निर्धारित मार्गों का ही पालन करें. किसी स्थिति में रूट में बदलाव की अनुमति नहीं होगी. वहीं प्रत्येक जुलूस में अधिकतम 100 लोगों की ही भागीदारी सुनिश्चित की गई है.

ज्ञात हो कि एसएसपी प्रभात कुमार ने दिशा-निर्देश जारी कर स्पष्ट कर दिया गया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं होगा.

अखाड़ा समितियों के लिए गाइडलाइन जारी

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पहचान प्रणाली को अनिवार्य किया गया है. सभी अखाड़ा समितियों को 20-20 वॉलेंटियर्स की सूची, उनके मोबाइल नंबर और फोटोयुक्त पहचान पत्र संबंधित थाना में जमा करना होगा. साथ ही जुलूस में शामिल हर व्यक्ति के पास पहचान पत्र होना जरूरी होगा, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई हो सके.

जुलूस की होगी वीडियोग्राफी

जुलूस की हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी अनिवार्य कर दी गयी है. अखाड़ा कमेटी को पूरे जुलूस की रिकॉर्डिंग करनी होगी, ताकि जरूरत पड़ने पर साक्ष्य के रूप में इसका उपयोग हो सके. जुलूस के दौरान किसी भी धर्म या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले गीत या नारे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे. अश्लील गानों पर भी रोक रहेगी.

डीजे पर रहेगा प्रतिबंध

इस बार डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है. डीजे बजाते पाये जाने पर संबंधित समिति का लाइसेंस रद्द कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं जुलूस के दौरान हथियारों के प्रदर्शन या खतरनाक करतबों पर भी रोक रहेगी. संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किये गये हैं. पुलिस ड्रोन से निगरानी कर जुलूस के मार्गों का भौतिक सत्यापन कर रही है. जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया जा रहा है.

अफवाह फैलाने वालों पर निगरानी

पुलिस की साइबर सेल और मीडिया सेल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी कड़ी नजर बनाये हुए है. अफवाह फैलाने या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जायेगी.

राम नवमी के दौरान रहेगी विशेष ट्रैफिक व्यवस्था

रामनवमी के दौरान अवैध शराब व अन्य मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. वहीं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है. प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी.

विज्ञापन
आशीष कुमार

लेखक के बारे में

By आशीष कुमार

आशीष कुमार प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola