आधी रात को धनबाद के स्टील गेट सब्जी मार्केट में लगी भीषण आग, दुकानें खाक

धनबाद के स्टील गेट सब्जी मार्केट में लगी भीषण आग. फोटो: प्रभात खबर
Dhanbad News: झारखंड की कोयलानगरी धनबाद के सरायढेला स्थित स्टील गेट सब्जी मार्केट में आधी रात भीषण आग लगने से करीब एक दर्जन दुकानें और एक झोपड़ीनुमा घर जलकर खाक हो गए. 20 लाख से अधिक की संपत्ति नुकसान का अनुमान है. दमकल की तीन गाड़ियों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. नीचे पूरी खबर पढ़ें.
Dhanbad News: धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र के स्टील गेट सब्जी मार्केट में रविवार की आधी रात भीषण आग लग गयी. घटना में एक झोपड़ीनुमा घर समेत लगभग एक दर्जन दुकानें जलकर राख हो गयीं. आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने और बचाने का मौका तक नहीं मिला. रात 12 बजे लगी आग में कुछ ही देर में कई दुकानें इसकी चपेट में आ गयीं. अग्निकांड में 20 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है. रात ढाई बजे तक राहत व बचाव कार्य चलता रहा.
पहले होटल में लगी आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सबसे पहले एक होटल में आग लगी. कुछ ही पलों में आग की लपटें तेज हो गयीं और आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया. बाजार बंद होने की वजह से नुकसान की विस्तृत जानकारी नहीं मिल पायी है. अगलगी की घटना में सब्जी, राशन, पूजा, चप्पल, सैलून आदि की दुकानें जलकर राख हो गयीं.
देर रात तक आग बुझाती रहीं दमकल की गाड़ियां
अग्निशमन विभाग की तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. आग पर काबू पाने के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ी. रात तक दमकल कर्मी आग बुझाने के कार्य में जुटे रहे. दमकल कर्मियों की तत्परता से आग अन्य दुकानों में फैलने से बच गयी.
एक झोंपड़ीनुमा घर भी हुआ खाक
आग की चपेट में आने से एक झोपड़ीनुमा घर भी पूरी तरह जल गया. घर में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया. प्रभावित परिवार को अस्थायी रूप से सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है. झोपड़ीनुमा घर में एक लोहार परिवार रहता था. इस झोपड़ी में ही लोहार की दुकान भी संचालित होती है. घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक संजीव सिंह मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. उन्होंने दमकल कर्मियों से आग बुझाने की स्थिति की जानकारी ली और पीड़ित दुकानदारों से बातचीत की.
आग लगने के कारणों का पता नहीं
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. प्रारंभिक तौर पर असामाजिक तत्वों द्वारा एक दुकान में आग लगाने की संभावना जतायी जा रही है. बाद में आग तेजी से अन्य दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
दुकानदारों की रोजी-रोटी छिनी
रंजीत साव की राशन दुकान, हीरालाल का आलू-प्याज का आढ़त, अरविंद कुमार की राशन दुकान, प्रकाश साव की राशन दुकान. इनके अलावा पूजा, चप्पल, सैलून, लोहार परिवार की झोपड़ी व दुकान जले.
आगजनी का घटनाक्रम
- रात 12.05 बजे: एक होटल से आग लपटें उठती दिखीं
- रात 12.20 बजे: भीड़ जुटने लगी, सूचना पर पुलिस पहुंची
- रात 12.25 बजे: अग्निशमन विभाग को सूचना दी गयी
- रात 12.30 बजे: संजीव सिंह अपने समर्थकों के साथ पहुंचे
- रात 12.45 बजे: दमकल की पहली गाड़ी बचाव कार्य में जुटी
- रात 12.50 बजे: दमकल की दो अन्य गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
इसे भी पढ़ें: महाशिवरात्रि पर झारखंड के इस मंदिर उमड़ती है श्रद्धालुओं की भीड़, कई राज्यों से आते हैं लोग
पांच साल में आगजनी की चौथी घटना
- 29 मार्च 2021: होली के दिन स्टील गेट सब्जी मार्केट में भीषण आग लगी थी. जिसमें लगभग 40 से अधिक दुकानें जलकर राख हो गयी थीं.
- 26 नवंबर 2022: स्टीलगेट सब्जी मार्केट के पीछे स्थित दुकानों में आग लगने से लगभग 20 दुकानें जलकर खाक हो गयी थी.
- 21 फरवरी 2023: रात लगभग 11.10 बजे आग लगी और कम से कम 10 दुकानें खाक हो गयीं थी.
इसे भी पढ़ें: रांची-लोहरदगा-डालटनगंज के बीच चलेगी शटल ट्रेन, भेजा गया प्रस्ताव
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




