Dhanbad News: समाज के कमजोर व वंचित वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर प्रयासों की आवश्यकता पर जोर
Published by : ANAND KUMAR UPADHYAY Updated At : 04 Jun 2026 1:23 AM
Dhanbad News: एनसीएसटी सदस्य डॉ आशा व बीसीसीएल सीएमडी ने की समीक्षा बैठक, कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा, कार्यस्थल पर समान अवसर और समावेशी वातावरण सुनिश्चित करने से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई.
धनबाद, राष्ट्रीय जनजाति आयोग (एनसीएसटी) की सदस्य डॉ आशा लकड़ा व बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल के बीच बुधवार को बोकारो स्थित सर्किट हाउस में शिष्टाचार भेंट व समीक्षा बैठक हुई. बैठक राष्ट्रीय जनजाति आयोग के निदेशक कार्यालय से प्राप्त पत्र और आयोग स्तर पर हुई सुनवाई के क्रम में आयोजित की गयी. डॉ आशा लकड़ा ने समाज के कमजोर व वंचित वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया. बीसीसीएल मुख्यालय कोयला भवन, धनबाद में कार्यरत अनुसूचित जनजाति समुदाय के अधिकारियों व कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं तथा उनके समाधान के उपायों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया. इसके साथ ही कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा, कार्यस्थल पर समान अवसर और समावेशी वातावरण सुनिश्चित करने से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई. इस दौरान बीसीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया भी मौजूद रहे. आयोग की अनुशंसाओं के अनुपालन की समीक्षा चर्चा के दौरान राष्ट्रीय जनजाति आयोग द्वारा पूर्व में की गयी सुनवाई और उससे संबंधित अनुशंसाओं के अनुपालन की स्थिति की भी समीक्षा की गयी. जनजातीय समुदायों के कल्याण, समावेशी विकास और कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत संचालित योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई. सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई बीसीसीएल प्रबंधन ने कर्मचारियों के हितों की रक्षा, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. बैठक में विभागाध्यक्ष (प्रशासन) मनीष मिश्रा, एससी/एसटी सेल की नोडल ऑफिसर निर्मला किरण सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










