Dhanbad News: नये वित्तीय वर्ष के लिए कोल इंडिया ने तय किया आंतरिक लक्ष्य

Published by : ASHOK KUMAR Updated At : 03 Apr 2026 1:42 AM

विज्ञापन

नये वित्तीय वर्ष 2026-27 के पहले ही दिन कोयला उत्पादन व डिस्पैच की रफ्तार रही सुस्त. इसीएल, बीसीसीएल व सीसीएल समेत कई कंपनियां उत्पादन लक्ष्य से पीछे.

विज्ञापन

नये वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कोल इंडिया ने अपना आंतरिक लक्ष्य (आप टार्गेट) तय कर लिया है. इसके मुताबिक चालू वित्त वर्ष में कोल इंडिया व उसकी अनुषंगी कंपनियों को कुल 769.11 मिलियन टन कोयला उत्पादन व 811.0 मिलियन टन डिस्पैच का लक्ष्य तय किया गया है. इसमें एमसीएल को सर्वाधिक 200 मिलियन टन कोयला उत्पादन व 223 मिलियन टन डिस्पैच का लक्ष्य दिया गया है. वहीं एसइसीएल को 180 मिलियन टन उत्पादन व 190 मिलियन टन डिस्पैच का लक्ष्य दिया गया है. इसके अलावा बीसीसीएल, इसीएल व सीसीएल के लिए क्रमश: 37.0 मिलियन टन, 55.07 मिलियन टन व 90.0 मिलियन टन कोयला उत्पादन तथा क्रमश: 39.0 एमटी, 59.0 एमटी व 90.0 एमटी डिस्पैच का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.

ज्ञात हो कि कोयला मंत्रालय की ओर से नये वित्तीय वर्ष के लिए कोल इंडिया को एक बिलियन टन कोयला उत्पादन का लक्ष्य दिया है. परंतु कोल इंडिया ने आंतरिक (आप टार्गेट) लक्ष्य रिवाइज करते हुए 769.11 मिलियन टन निर्धारित किया है.

कोल इंडिया ने गत वर्ष के मुकाबले घटाया लक्ष्य

कोल इंडिया ने वित्तीय वर्ष 2025- 26 के मुकाबले नये वित्तीय वर्ष 2026- 27 में अपने उत्पादन व डिस्पैच के आंतरिक लक्ष्य (आप टार्गेट) में कटौती की है. आंकड़ों के मुताबिक गत वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का कोयला उत्पादन का आंतरिक लक्ष्य (आप टार्गेट) 875 मिलियन टन था. इसके विरुद्ध कंपनी 768.11 मिलियन टन ही उत्पादन कर सकी. अब कोल इंडिया ने नये वित्तीय वर्ष के लिए अपना उत्पादन लक्ष्य घटाकर 769.07 मिलियन टन निर्धारित किया है.

पहले दिन कई कंपनियां लक्ष्य से पीछे

नये वित्तीय वर्ष 2026-27 की शुरुआत के साथ ही कोल इंडिया की सहायक कंपनियों का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है. पहले दिन ही एक अप्रैल को उत्पादन व डिस्पैच दोनों ही मोर्चों पर कई कंपनियां अपने लक्ष्य से पीछे रहीं. खासकर बीसीसीएल और ईसीएल का प्रदर्शन अपेक्षा से काफी कमजोर रहा है. ईसीएल ने प्रतिदिन के संशोधित लक्ष्य 1.31 लाख टन के मुकाबले 88.73 हजार टन उत्पादन किया. वहीं डिस्पैच मामले में भी कंपनी लक्ष्य के 35.89% तक ही पहुंच सकी है. वहीं बीसीसीएल ने प्रतिदिन के लक्ष्य 90.35 हजार टन लक्ष्य के मुकाबले 69.88 हजार टन उत्पादन किया, जो 77.35% उपलब्धि है. डिस्पैच के मोर्चे पर बीसीसीएल मात्र 39.02% लक्ष्य ही हासिल कर सकी. हालांकि एसइसीएल ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 108% से अधिक उत्पादन किया. एमसीएल ने भी 100% के करीब प्रदर्शन किया है. जबकि एनसीएल और डब्ल्यूसीएल भी अपने लक्ष्य से पीछे रही. कुल मिलाकर नये वित्त वर्ष के पहले दिन कोल इंडिया ने 93.13% उत्पादन लक्ष्य हासिल किया है, लेकिन डिस्पैच केवल 55.43% ही हुआ.

विज्ञापन
ASHOK KUMAR

लेखक के बारे में

By ASHOK KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola