Dhanbad News: धनबाद में पीएनजी विस्तार को लेकर बनेगी जिला स्तरीय कमेटी

Published by : ASHOK KUMAR Updated At : 07 Apr 2026 1:28 AM

विज्ञापन

एलपीजी पर निर्भरता कम करने की दिशा में बड़ा कदम. प्राकृतिक गैस एवं पेट्रोलियम उत्पाद वितरण (सीजीडी) से जुड़ी नयी व्यवस्था लागू की जा रही है.

विज्ञापन

जिले में पाइपलाइन प्राकृतिक गैस (पीएनजी) की पहुंच बढ़ाने की दिशा में प्रशासनिक पहल तेज हो गयी है. खाद्य, सार्वजनिक वितरण व उपभोक्ता मामले विभाग, रांची के निर्देश पर प्राकृतिक गैस एवं पेट्रोलियम उत्पाद वितरण (सीजीडी) से जुड़ी नयी व्यवस्था लागू की जा रही है. इसके तहत जिला स्तर पर समिति के गठन किया जायेगा. समिति में विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी (एडीएम सप्लाइ), धनबाद को अध्यक्ष बनाया जायेगा. अपर नगर आयुक्त, आरसीडी के कार्यपालक अभियंता, धनबाद सीओ व गेल गैस के महाप्रबंधक इसके सदस्य होंगे. यह समिति परियोजना के क्रियान्वयन, समन्वय और निगरानी की जिम्मेदारी संभालेगी. वहीं आवेदनों की स्वीकृति व शिकायतों का समाधान करेगी. ज्ञात हो कि प्रभात खबर ने चार अप्रैल के संस्करण में ””धनबाद और गिरिडीह में 50 हजार कनेक्शन देने का था लक्ष्य, आधे घरों तक भी नहीं पहुंची पीएनजी पाइप”” शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी. इसके बाद जिला प्रशासन व गेल गैस ने पाइपलाइन के विस्तार को लेकर कमेटी गठित करने की योजना बनायी.

गेल गैस लिमिटेड ने प्रशासन से मांगी जमीन

गेल गैस लिमिटेड ने धोखरा हॉल्ट से बालाजी पेट्रोल पंप तक 10×10 मीटर सरकारी जमीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है, जहां प्रेशराइजेशन यूनिट स्थापित होगी. इसके चालू होने पर कुसुम बिहार व सरायढेला के करीब 4000-5000 घरों में पीएनजी की आपूर्ति शुरू हो सकेगी.

बेलगड़िया व पीएम आवास क्षेत्रों पर फोकस

प्रस्ताव में जेआरडीए के बेलगड़िया में गैस नेटवर्क विकसित करने और झारूडीह में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने घरों में पीएनजी कनेक्शन देने की भी बात कही गयी है.

14 हजार घरों में कनेक्शन

परियोजना के तहत अब तक जिले में करीब 14 हजार घरों तक पाइपलाइन कनेक्शन पहुंचाया गया है, लेकिन अधिकांश इलाकों में गैस सप्लाई शुरू नहीं हो पायी है. कंपनी ने धनबाद व गिरिडीह जिले में करीब 50 हजार घरों तक पीएनजी पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है.

विज्ञापन
ASHOK KUMAR

लेखक के बारे में

By ASHOK KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola