बिजली तार से युवक की मौत मामले में विधायक ने जेबीवीएनएल सीएमडी को लिखा पत्र

Published by : SANJAY KUMAR RANA Updated At : 27 May 2026 7:22 PM

विज्ञापन

11 हजार वोल्ट तार गिरने से युवक की मौत पर बढ़ा मामला, विधायक ने जेबीवीएनएल से मांगी कार्रवाई

विज्ञापन

चितरा. सारठ थाना क्षेत्र के खून गांव में 11 हजार वोल्ट के जर्जर बिजली तार के टूटकर गिरने से युवक अमित मरांडी की मौत के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है. घटना को लेकर सारठ विधायक उदय शंकर सिंह ने झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक को पत्र लिखकर विभागीय लापरवाही पर नाराजगी जतायी है. साथ ही दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और क्षेत्र की जर्जर विद्युत व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की है. विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि खून गांव निवासी अमित मरांडी, पिता सुभाष मरांडी की मौत 11 हजार वोल्ट बिजली तार टूटकर गिरने से करंट लगने के कारण हुई. उन्होंने बताया कि मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था. इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक के साथ आक्रोश का माहौल है. पत्र में विधायक ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से पुराने बिजली तार, जर्जर पोल, अधूरी विद्युत योजनाएं और तकनीकी कर्मियों की कमी जैसी समस्याएं बनी हुई हैं. उन्होंने कहा कि पूर्व में भी पत्रांक-138/26 दिनांक 1 अप्रैल 2026 के माध्यम से विभाग को इन समस्याओं से अवगत कराया गया था, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. उन्होंने कहा कि सारठ क्षेत्र में बिजली तार टूटने की घटनाएं लगातार हो रही हैं, जिससे लोगों के साथ पशुओं की भी जान जा रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल मुआवजा देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को सुरक्षित और दुरुस्त करना जरूरी है. विधायक ने अपने पत्र में पूरे सारठ क्षेत्र में जर्जर बिजली तारों और पुराने पोलों को शीघ्र बदलने, अधूरे विद्युत कार्यों को पूरा कराने तथा मामले की उच्चस्तरीय जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की है.

विज्ञापन
SANJAY KUMAR RANA

लेखक के बारे में

By SANJAY KUMAR RANA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola