देशभक्ति के जज्बे से गूंजा पालोजोरी, जगह-जगह लहराया तिरंगा

Updated:
विज्ञापन

झंडा फहराती प्रमुख ऊषा किरण मरांडी, व डॉ लियाकत अंसारी | Prabhat Khabar Network

पालोजोरी अंचल में 80वें स्वतंत्रता दिवस का भव्य आयोजन.सरकारी व गैर-सरकारी संस्थानों में देशभक्ति के नारों के साथ लहराया तिरंगा, शहीदों को किया नमन.

विज्ञापन

पालोजोरी: पालोजोरी अंचल क्षेत्र में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों, विद्यालयों, ग्राम पंचायतों तथा विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर शान से तिरंगा फहराया गया और राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गयी.

आपके शहर में

विज्ञापन

प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में सुबह 9:05 बजे प्रमुख ऊषा किरण मरांडी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान उपप्रमुख पायल साधु, बीडीओ सह सीओ पार्थ नंदन, पुलिस इंस्पेक्टर सुकांत त्रिपाठी, थाना प्रभारी संजय कुमार समेत अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान की गूंज से पूरा परिसर देशभक्ति के माहौल में सराबोर हो गया।

पालोजोरी के विभिन्न संस्थानों में स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्सापूर्वक आयोजित किया गया। पशु चिकित्सालय में प्रभारी पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बृजेश कुमार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पालोजोरी में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. लियाकत अंसारी, केजीबी में वार्डन, विकास उच्च विद्यालय में प्रधानाध्यापक सह निदेशक कृष्ण कुमार तथा सन रेज हाई स्कूल में निदेशक ओमप्रकाश सिंह ने ध्वजारोहण किया।

सभी स्थानों पर झंडोत्तोलन से पहले राष्ट्रगीत तथा ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। उपस्थित लोगों ने तिरंगे को सलामी देते हुए देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

थाना परिसर में पुलिस बल ने दी सलामी

पालोजोरी थाना परिसर में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित हुआ। थाना प्रभारी संजय कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जिसके बाद पुलिस बल ने तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान जवानों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।

प्रभात फेरी से गूंजा क्षेत्र

राष्ट्रीय पर्व के मौके पर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रभात फेरी निकाली। हाथों में तिरंगा लिए बच्चे ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से वातावरण को देशभक्ति से भरते नजर आये। प्रभात फेरी में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

पूरे पालोजोरी क्षेत्र में दिनभर तिरंगे की शान, देशभक्ति के नारों और राष्ट्रप्रेम की भावना का माहौल बना रहा। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने लोगों को देश की आजादी के लिए किए गए बलिदानों को याद करने के साथ-साथ राष्ट्रहित में अपने दायित्वों के प्रति जागरूक होने का संदेश भी दिया।


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola