नमस्ते योजना से सफाई मित्रों को मिलेगा सुरक्षा कवच : सुरेंद्र किस्कू

बैठक करते नप के कार्यपालक पदाधिकारी व सम्मानित करते | Prabhat Khabar Network
मधुपुर नगर परिषद ने नमस्ते योजना के तहत सफाई मित्रों के लिए जागरूकता कार्यक्रम और स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। जानें इसका मुख्य उद्देश्य।
मधुपुर. नगर परिषद कार्यालय सभागार में मंगलवार को नमस्ते योजना के तहत सफाई मित्रों के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में सफाई मित्रों को सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में जानकारी दी गयी. इस अवसर पर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुरेंद्र किस्कू ने कहा कि नगर परिषद द्वारा सभी वार्डों में साफ-सफाई को प्राथमिकता देते हुए स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि वार्डों को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सफाई मित्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए नगर प्रशासन संकल्पित है. उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाये जा रहे नमस्ते कार्यक्रम का उद्देश्य सफाई मित्रों को जागरूक करना और उन्हें कार्य के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचाना है. साथ ही श्रमिकों को कुशल श्रमिक के रूप में विकसित करना भी इस कार्यक्रम का उद्देश्य है. उन्होंने बताया कि नमस्ते कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता उद्यम को बढ़ावा देने और समूह के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का भी प्रयास किया जा रहा है. नगर प्रबंधक सुभाष हेंब्रम ने कहा कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से यह कार्यक्रम चलाया जा रहा है. इसका मुख्य उद्देश्य सफाई मित्रों को सुरक्षा प्रदान करना और समाज में उन्हें सम्मान दिलाना है. उन्होंने कहा कि नगर परिषद द्वारा सफाई मित्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक उपकरणों के माध्यम से साफ-सफाई को बढ़ावा दिया जा रहा है. इससे श्रमिकों के कार्य करने के तरीके में बदलाव लाने के साथ काम को पेशेवर रूप से प्रस्तुत करने में मदद मिलेगी. कार्यक्रम के दौरान सफाई मित्रों को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया. वहीं, उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया. शिविर में चिकित्सक डॉ सैफुल्लाह ने नप कर्मियों के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक सलाह दी. सफाई मित्रों को विभिन्न जांच सुविधाएं और मुफ्त दवा भी उपलब्ध कराई गई. मौके पर नगर मिशन प्रबंधक विजय कुमार, सेनेटरी सुपरवाइजर आनंद पासवान, कनीय अभियंता सोनू, फुरकान अंसारी, विकास कुमार, मो अली, मनोरमा आदि कर्मी मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










