महिला श्रद्धालुओं और बच्चों के लिए रूटलाइन में 10 मातृत्व विश्राम गृह शुरू

श्रावणी मेला के दौरान महिलाओं के लिए खास इंतजाम | Prabhat Khabar Network
राजकीय श्रावणी मेला 2026 में देवघर प्रशासन ने महिला श्रद्धालुओं और बच्चों की सुविधा के लिए रूटलाइन में 10 मातृत्व विश्राम गृह शुरू किए हैं। यहाँ मिलेंगी मुफ्त सुविधाएं।
संजीत मंडल
देवघर : राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले महिला श्रद्धालुओं और छोटे बच्चों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने रूटलाइन में 10 स्थानों पर मातृत्व विश्राम गृह की शुरुआत की है. उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया एवं नगर आयुक्त सुलोचना मीना ने गुरुवार को इसका शुभारंभ किया. इस अवसर पर उन्होंने प्रतिनियुक्त महिला कर्मियों को सेवा-भाव के साथ महिला श्रद्धालुओं एवं बच्चों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
घंटों कतार में रहने वाली महिलाओं व बच्चों को मिलेगी राहत
उपायुक्त ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान लाखों की संख्या में महिला श्रद्धालु छोटे बच्चों के साथ जलार्पण के लिए देवघर पहुंचती हैं. रूटलाइन में कई बार उन्हें लंबे समय तक कतार में इंतजार करना पड़ता है, जिससे बच्चों और महिलाओं को परेशानी होती है. इसी को देखते हुए रूटलाइन के 10 चिन्हित स्थानों पर मातृत्व विश्राम गृह स्थापित किए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर वे आराम कर सकें और आवश्यक सुविधाओं का लाभ ले सकें.
निःशुल्क मिलेंगी कई जरूरी सुविधाएं
मातृत्व विश्राम गृह में बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, बच्चों के लिए डायपर, महिलाओं के लिए सैनिटरी पैड, बिस्कुट सहित अन्य आवश्यक सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई गई है. प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जलार्पण के दौरान महिला श्रद्धालुओं और बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.
महिला कर्मियों की तैनाती, पुरुषों का प्रवेश प्रतिबंधित
प्रत्येक मातृत्व विश्राम गृह में महिला कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो श्रद्धालुओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएंगी. साथ ही सरकार की महिला एवं बाल कल्याण संबंधी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी. सुरक्षा और गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए इन विश्राम गृहों में पुरुषों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है.
कई अधिकारी रहे मौजूद
शुभारंभ के अवसर पर पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










