14 करोड़ से संवरेगी मधुपुर की सड़कें, मंत्री हफीजुल हसन ने नौ सड़कों का किया ऑनलाइन शिलान्यास
समारोह स्थल पर उपस्थित विधायक प्रतिनिधि तनविरुल हसन व अन्य | Prabhat Khabar Network
झारखंड के मारगोमुंडा में 14 करोड़ रुपये की लागत से नौ सड़कों का कायाकल्प होगा. मंत्री हफीजुल हसन ने ऑनलाइन शिलान्यास कर क्षेत्र को मॉडल बनाने का वादा किया.
मारगोमुंडा : प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण सह जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन ने नौ सड़कों का ऑनलाइन शिलान्यास किया. इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि क्षेत्र की सभी सड़कों को चेन सिस्टम से सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है. सड़कों का इतना बढ़िया चेन सिस्टम होगा कि लोग घर से निकलने के बाद कच्ची सड़क से आवागमन नहीं करें, बल्कि एक पक्की सड़क से दूसरी पक्की सड़क तक पहुंच सकें. इस तरह क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है, ताकि लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी नहीं हो.
सड़क निर्माण से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर, मधुपुर को मॉडल विधानसभा बनाने का लक्ष्य
मंत्री ने कहा कि सड़कों के निर्माण से लोगों को आवागमन में सहूलियत के साथ रोजगार के साधन भी बढ़ते हैं. सड़क के माध्यम से रोजगार के साधन बढ़ने से लोगों की आमदनी में बढ़ोतरी होती है. उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि मधुपुर विधानसभा क्षेत्र को मॉडल विधानसभा बनाया जाये, ताकि लोगों को हर तरह की सुविधाएं मुहैया करायी जा सकें. क्षेत्र में 14 करोड़ रुपये की लागत से नौ सड़कों का कायाकल्प होगा.
मुख्यमंत्री सड़क योजना से 31.41 किमी सड़कों का होगा सुदृढ़ीकरण
मुख्यमंत्री सड़क योजना के तहत उक्त सड़कों का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा. इनमें बनसीमी चौक से कांशीटांड़ तक दो किलोमीटर, पीडब्ल्यूडी उधोडीह पथ से टटकजोरी होते हुए बेहरापहाड़ी तक 3.49 किलोमीटर, चरघरा से घसको तक 1.20 किलोमीटर, पीपरा से जयंती नदी तक 4.35 किलोमीटर, मधुपुर-लहरजोरी पथ से चेतनारी होते हुए बोगैया तक पांच किलोमीटर, नावाडीह पीडब्ल्यूडी पथ से साहुटोला चेतनारी तक 4.256 किलोमीटर, जामा से जोगीडीह चरपा तक 3.32 किलोमीटर, पीडब्ल्यूडी साप्तर पथ से जलेया होते हुए पीडब्ल्यूडी पथ तक 3.700 किलोमीटर तथा मुख्य पथ कल्याणपुर भाया बुढ़ीबगीचा भाया बदिया से पीडब्ल्यूडी सड़क तक 4.10 किलोमीटर सड़क शामिल है.
ऑनलाइन शिलान्यास कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि व झामुमो नेता रहे मौजूद
मौके पर विधायक प्रतिनिधि तनवीरुउल हसन, जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि इमरान अंसारी, झामुमो जिला सचिव दिनेश्वर किस्कू, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष अबु तालिब अंसारी, युवा जिला उपाध्यक्ष मोरीफ खान, मो. अशफाक, समीर आलम, अनीस साबरी मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









