JP Nadda in Jharkhand : आदिवासी समुदाय की समस्याएं जाननी होंगी, जेपी नड्डा ने पदाधिकारियों को दिए खास निर्देश
Published by : Amitabh Kumar Updated At : 06 Dec 2025 8:57 AM
जेपी नड्डा (Photo: X)
JP Nadda in Jharkhand : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि व्हाट्सएप और फोन से संगठन नहीं चलेगा. जमीनी स्तर पर काम करना होगा. पार्टी नेताओं को साल में 25–30 दिन क्षेत्र में प्रवास अनिवार्य किया गया है. 25–35 आयु वर्ग के युवाओं को संगठन में जोड़ने पर जोर नड्डा ने दिया.
JP Nadda in Jharkhand : (अमरनाथ पोद्दार) भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को प्रदेश पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक की. यह बैठक देवघर सर्किट हाउस में हुई. विधानसभा चुनाव के बाद पूरे झारखंड में संगठन को नये सिरे से मजबूत करने के लिए उन्होंने कई अहम निर्देश दिये. नड्डा ने साफ तौर पर कहा कि पार्टी का संगठनात्मक ढांचा सिर्फ व्हाट्सएप और फोन से नहीं चल सकता. पदाधिकारी, सांसद और विधायक सबको साल में कम से कम 25 से 30 दिन अपने क्षेत्र में प्रवास करना होगा. इस दौरान स्थानीय राजनीतिक समीकरण, वातावरण और संभावनाओं का आकलन कर एक से पांच साल तक की रणनीति बनानी होगी.
आदिवासी समुदाय की समस्याएं जाननी होंगी : नड्डा
नड्डा ने आगे कहा कि प्रवास के दौरान सभी वर्गों से संवाद बढ़ाना होगा. समाज के प्रतिनिधि लोगों से बेहतर संबंध स्थापित करते हुए आदिवासी समुदाय के नेतृत्वकर्ताओं और उनके समाज से मिलकर उनकी समस्याएं जाननी होंगी. संगठन में नयी ऊर्जा भरने के लिए 25 से 35 वर्ष आयुवर्ग के अधिक युवाओं को जोड़ना अनिवार्य है. उन्होंने निर्देश दिया कि प्रवास के दौरान स्थानीय लोगों से राज्य सरकार की विफलताओं पर बात करें. चौक-चौराहा, चाय दुकानों और टोले-मोहल्ले में लोगों से सीधे कनेक्ट होने की आदत डालें. मीडिया के माध्यम से भी वर्तमान राज्य सरकार की नाकामियों को लगातार उजागर करें.
यह भी पढ़ें : Deoghar news : विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार आयेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, कार्यकर्ताओं में भरेंगे जोश
उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा की पिछली सरकार के समय की उपलब्धियां और वर्तमान सरकार की विफलताएं लोगों तक पहुंचायी जायें. साथ ही, उन योजनाओं के बारे में भी बताया जाये, जिन्हें वर्तमान सरकार ने बाधित किया है. संगठन में आपसी समन्वय जरूरी है और जहां भी गैप है, उसे भरना होगा. संगठन किसी की मर्जी से नहीं, बल्कि सिस्टम से चलता है. सिस्टम तोड़ने वालों पर कार्रवाई तय है. बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन और पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा आदि मौजूद थे.
एसआइआर से फर्जी वोटर होंगे बाहर
राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने एसआइआर मुद्दे पर कहा कि झारखंड के संताल परगना और कोल्हान में बड़े पैमाने पर बांग्लादेशी घुसपैठ के कारण डेमोग्राफी चेंज हुई है. झारखंड में भी एसआइआर शुरू होने वाला है. एसआइआर एक तरह से वोटर लिस्ट का शुद्धिकरण है. इसके माध्यम से फर्जी वोटर बाहर होंगे. पारदर्शिता के साथ चुनाव होगा. उन्होंने कहा कि संताल परगना और कोल्हान के इलाके में भाजपा अपने बूथ अध्यक्षों को मजबूत करते हुए वैसे इलाकों को चिह्नित करें, जहां बांग्लादेशी घुसपैठियों का प्रवेश हुआ है. एसआइआर से फर्जी वोटर मतदाता सूची से बाहर होंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Amitabh Kumar
अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










