देवतुल्य श्रद्धालुओं की सेवा में दिखे संवेदनशीलता, सुरक्षा और सुविधा

आईसीएमआर का निरीक्षण करते डीसी व अन्य अधिकारी | Prabhat Khabar Network
देवघर श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए डीसी ने एआई तकनीक और 24 घंटे स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
देवघर: राजकीय श्रावणी मेला में देश-विदेश से आने वाले लाखों शिवभक्तों की सुरक्षा, सुगम जलार्पण और बेहतर नागरिक सुविधाओं को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. डीसी सौरभ कुमार भुवानिया ने शनिवार को मेला क्षेत्र का सघन निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया. उन्होंने नेहरू पार्क, बाबा मंदिर प्रांगण, शिवगंगा और आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण किया. इस दौरान डीडीसी पीयूष सिन्हा मौजूद थे.
क्राउड मैनेजमेंट में AI तकनीक का हो शत-प्रतिशत उपयोग
डीसी ने इंटीग्रेटेड मेला कंट्रोल रूम (IMCR) पहुंचकर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. उन्होंने संबंधित तकनीकी अधिकारियों व कार्यदायी एजेंसी को मेला क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक का सटीक और शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. ए आइ के माध्यम से भीड़ के घनत्व, रूट लाइन और सुरक्षा मानकों की रीयल टाइम मॉनिटरिंग करने को कहा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके.
24×7 स्वच्छता व्यवस्था में नहीं हो शिथिलता
डीसी ने बाबा मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में 24 घंटे स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया. नगर निगम को अतिरिक्त सफाईकर्मियों की रोटेशन आधारित प्रतिनियुक्ति तथा कचरे के त्वरित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
सेवा भाव को बनाएं मूलमंत्र
मेला ड्यूटी में तैनात दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और सुरक्षा बलों को डीसी ने सेवा भाव से कार्य करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि देवघर आने वाले सभी शिवभक्त देवतुल्य हैं. प्रशासनिक और पुलिसकर्मियों का व्यवहार संवेदनशील और सहयोगात्मक होना चाहिए, ताकि कांवरियों को सुरक्षित, सुगम और सुखद आध्यात्मिक अनुभव मिल सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










