देवघर के श्रावणी मेला में ऑटो-टोटो चालकों से रंगदारी वसूली का आरोप, दो गिरफ्तार
देवघर पुलिस की गिरफ्त में रंगदारी मांगने वाले दोनों आरोपी. फोटो: प्रभात खबर
देवघर श्रावणी मेला के दौरान ऑटो और टोटो चालकों से रंगदारी वसूली का मामला सामने आया है. सदर अस्पताल के पास एक ऑटो चालक से 500 रुपये मांगने और मारपीट करने के आरोप में तीन युवकों में से दो को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. फरार आरोपी की तलाश जारी है.
Deoghar News: झारखंड के देवघर में श्रावणी मेला के दौरान ऑटो और टोटो चालकों से कथित रंगदारी वसूली का मामला सामने आया है. शनिवार की रात सदर अस्पताल के पास ऑटो रोककर 500 रुपये रंगदारी मांगने और रुपये नहीं देने पर चालक के साथ मारपीट करने का आरोप तीन युवकों पर लगा है. आरोपितों पर ऑटो का शीशा तोड़ने और उसमें सवार कांवरियों को डराकर उतारने का भी आरोप है. कांवरियों की सूचना पर पहुंची नगर थाना पुलिस ने भाग रहे तीन आरोपितों में से दो को पकड़ लिया, जबकि एक फरार होने में सफल रहा. मामले में ऑटो चालक जसीडीह थाना क्षेत्र के रोहिणी निवासी राज नारायण वर्णवाल के आवेदन पर नगर थाना में प्राथमिकी संख्या 301/2026 दर्ज की गयी है.
रोजाना 100 रुपये देने का लगाया आरोप
प्राथमिकी में ऑटो चालक ने बताया है कि वह रौशन दास के टेम्पो नंबर जेएच15आर 8835 को किराये पर चलाते हैं. श्रावण माह में वह प्रतिदिन ऑटो से कांवरियों और यात्रियों को देवघर के पुराने बस स्टैंड, सदर अस्पताल, बैजनाथपुर समेत अन्य स्थानों से जसीडीह रेलवे स्टेशन और जसीडीह से देवघर लाने-ले जाने का काम करते हैं. चालक का आरोप है कि श्रावण माह के दौरान देवघर के राम मंदिर मोड़ और सदर अस्पताल रोड के आसपास तीन-चार असामाजिक तत्व ऑटो और टोटो चालकों से प्रतिदिन 100 रुपये रंगदारी के रूप में लेते थे. रुपये नहीं देने पर मारपीट करने और शहर में ऑटो-टोटो नहीं चलने देने की धमकी दी जाती थी. डर के कारण वह भी प्रतिदिन 100 रुपये देता था.
500 रुपये नहीं देने पर तोड़ा ऑटो का शीशा
प्राथमिकी के अनुसार शनिवार की रात करीब 12:15 बजे चालक बैजनाथपुर से कांवरियों को लेकर जसीडीह रेलवे स्टेशन जा रहा था. करीब 12:30 बजे सदर अस्पताल के पास तीन युवकों ने ऑटो को रोक लिया और 500 रुपये की मांग की. चालक ने आरोपितों से 100 रुपये लेने का आग्रह किया, लेकिन वे इसके लिए तैयार नहीं हुए. 500 रुपये देने से इनकार करने पर आरोपितों ने ऑटो का शीशा तोड़ दिया और चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी. इसके बाद ऑटो में बैठे कांवरियों को भी डराकर वाहन से उतार दिया गया.
कांवरिया ने पुलिस को दी घटना की सूचना
घटना के दौरान ऑटो में सवार एक कांवरिया ने पुलिस को फोन कर मामले की सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस को देखते ही तीनों आरोपित भागने लगे. जवानों ने उनका पीछा किया और दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि तीसरा आरोपित मौके से फरार हो गया. पुलिस ने गिरफ्तार दोनों युवकों की पहचान झौसागढ़ी, सदर अस्पताल रोड निवासी आजाद चौहान और लक्ष्मीपुर चौक निवासी आलोक मठपति के रूप में की है. पूछताछ के दौरान दोनों ने अपने फरार साथी का नाम अमित मंडल बताया, जो कालीराखा का निवासी है.
दोनों आरोपित न्यायिक हिरासत में भेजे गये
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपितों को कोर्ट में पेश किया. न्यायालय के निर्देश के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में मंडल कारा भेज दिया गया. वहीं पुलिस फरार आरोपित अमित मंडल की तलाश में जुटी है. पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर जानकारी जुटा रही है. मामले में पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है, ताकि कथित रंगदारी वसूली के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी हासिल की जा सके.
इसे भी पढ़ें: देवघर में 150 एआई कैमरों से हो रही कांवरियों की सटीक गिनती
आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई संगीन मामले
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आजाद चौहान और आलोक मठपति के खिलाफ नगर और कुंडा थाना में पहले से ही हत्या, आर्म्स एक्ट समेत अन्य संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है. पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपित पूर्व में जेल भी जा चुके हैं. श्रावणी मेला के दौरान देवघर में बड़ी संख्या में कांवरिये पहुंचते हैं और ऑटो-टोटो समेत सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करते हैं. ऐसे में चालकों से कथित रंगदारी वसूली की घटना को पुलिस गंभीरता से ले रही है. फिलहाल मामले में दो आरोपित न्यायिक हिरासत में हैं, जबकि तीसरे आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी और तलाश कर रही है. घटना के बाद मेला क्षेत्र में ऑटो-टोटो चालकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे हैं.
इसे भी पढ़ें: देवघर श्रावणी मेला: मिलावटखोरों पर सख्ती, बाजार से वापस होगी 500 किलो संदिग्ध खाद्य सामग्री, देखें तस्वीरें
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By आशीष कुंदन
आशीष कुंदन 26 वर्षों से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर, देवघर में वरीय संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं. इसके पूर्व हिंदुस्तान, आज सहित कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं. वर्ष 2012 से वे प्रभात खबर, देवघर में क्राइम बीट की खबरों को तथ्यपरक व प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. पत्रकारिता करते हुए उन्होंने वर्ष 2015 में नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री ली. साइबर अपराध और नशे की गिरफ्त में फंसते युवाओं पर लिखी गयी उनकी एक्सक्लूसिव सीरीज स्टोरी ने न सिर्फ व्यापक चर्चा बटोरी, बल्कि संबंधित मामलों में कार्रवाई भी हुई. सधी हुई लेखन शैली, जमीनी रिपोर्टिंग और विश्वसनीय खबरों के लिए वे पत्रकारिता जगत में एक अलग पहचान रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










