सोशल मीडिया विज्ञापन के झांसे में आया युवक, टेंट सामान का ऑर्डर करने पर गंवा दिया 17,920 रुपये
साइबर ठग की फाइल फोटो
देवघर के देवीपुर निवासी विष्णु कुमार यादव सोशल मीडिया पर टेंट सामान का विज्ञापन देखकर ठगी का शिकार हो गए. साइबर ठगों ने 13 बार में 17,920 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए, लेकिन सामान नहीं भेजा.
देवघर: देवीपुर के सिमराडीह गांव निवासी विष्णु कुमार यादव को सोशल साइट पर टेंट सामान का विज्ञापन देखकर ऑर्डर करना महंगा पड़ गया. वाट्सअप के जरिये संपर्क करने के बाद टेंट, लाइट का सामान, साउंड मिक्सर आदि के लिए अग्रिम भुगतान के नाम पर उनसे 13 बार में कुल 17,920 रुपये ऑनलाइन ठगी कर ली गयी. सामान नहीं मिलने और रुपये वापस नहीं किये जाने पर पीड़ित ने साइबर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी है.
व्हाट्सऐप पर बातचीत के बाद दिया ऑर्डर
उन्होंने पुलिस से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और ठगी की रकम वापस दिलाने की मांग की है. पीड़ित विष्णु के अनुसार, 12 जुलाई की दोपहर सोशल मीडिया पर एक विज्ञापन देखा था. विज्ञापन में दिये गये वाट्सअप नंबर पर संपर्क कर सामान को लेकर बातचीत की गयी. इसके बाद टेंट सहित लाइट का सामान और साउंड मिक्सर आदि का ऑर्डर दिया.
13 बार में भेजे 17,920 रुपये
सामान की कीमत व अग्रिम भुगतान के संबंध में हुई बातचीत के बाद मोबाइल धारक के कहने पर 12 जुलाई से 16 जुलाई के बीच 13 बार में रुपये भेजे गये. पीड़ित ने अपने फोन-पे और गूगल-पे से अलग-अलग दो यूपीआई आईडी पर कुल 17,920 रुपये ट्रांसफर किये. भुगतान के बावजूद सामान नहीं भेजा गया और रुपये भी वापस नहीं किये जा रहे हैं. पीड़ित ने साइबर थाना पुलिस को फेसबुक पेज आईडी और व्हाट्सएप नंबर उपलब्ध कराया है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए