Deoghar News : ट्रेडिंग के अधिक मुनाफा दिलाने के नाम पर 1.31 लाख रुपये की साइबर ठगी

साइबर अपराधियों ने शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा दिलाने का लालच देकर एक युवक से करीब 1.31 लाख रुपये की ठगी कर ली.
वरीय संवाददाता, देवघर : साइबर अपराधियों ने शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा दिलाने का लालच देकर एक युवक से करीब 1.31 लाख रुपये की ठगी कर ली. घटना के बाद नगर थाना क्षेत्र के सत्संग नगर इलाके का रहनेवाला पीड़ित ब्रैजदुलाल चक्रवर्ती मामले की लिखित शिकायत साइबर थाने में दी व कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस जांच में जुट गयी है. पीड़ित ने बताया कि कुछ दिन पहले उसके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आया. कॉल करने वाले ने अपना नाम सौरभ पाटिल बताया और खुद को शेयर बाजार का सलाहकार बताया. उसने कम समय में ज्यादा मुनाफा कमाने का भरोसा दिलाया. बातचीत के दौरान उसने एक अन्य व्यक्ति को अपना बॉस बताते हुए बात करायी, जिसने अपना नाम रघु पाटिल बताया. उसने भी शेयर ट्रेडिंग के फायदे गिनाये और जल्द निवेश करने को कहा. इसके बाद देशमुख नाम के एक व्यक्ति ने कॉल कर पूरी प्रक्रिया समझायी और एक क्यूआर कोड भेजा. शुरुआत में 20 हजार रुपये निवेश करने को कहा गया, जिसे पीड़ित ने क्यूआर कोड के माध्यम से भेज दिया. कुछ समय बाद उसे दोबारा झांसे में लेकर 90,189 रुपये और मांगे गये. यह राशि भी दो किस्तों में क्यूआर कोड से ट्रांसफर करा ली गयी. ठगों ने भरोसा जीतने के लिए पीड़ित के बैंक खाते में करीब चार हजार और बाद में लगभग 46 हजार रुपये मुनाफे के रूप में भेजे. यह राशि किसी अन्य व्यक्ति के खाते से भेजी गयी थी. इसके बाद अधिक मुनाफे का लालच देकर छह लाख रुपये निवेश करने का दबाव बनाया जाने लगा. इस पर पीड़ित को शक हुआ और उसने और पैसा देने से मना कर दिया. पैसा देने से इनकार करने पर ठगों ने मंत्री के नाम पर धमकी देनी शुरू कर दी. कहा गया कि उनके साथ 22 मंत्री जुड़े हैं. इसी दौरान आरोपियों ने पीड़ित से आधार कार्ड और पैन कार्ड की कॉपी भी ले ली. अब पीड़ित को डर है कि कहीं उसके दस्तावेजों का दुरुपयोग न कर लिया जाये. पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना की पुलिस मामले की जांच कर रही है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. हाइलाइट्स आधार-पैन लेकर छह लाख की मांग, मंत्री के नाम पर धमकी भी दी गयी
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By आशीष कुंदन
आशीष कुंदन 26 वर्षों से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर, देवघर में वरीय संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं. इसके पूर्व हिंदुस्तान, आज सहित कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं. वर्ष 2012 से वे प्रभात खबर, देवघर में क्राइम बीट की खबरों को तथ्यपरक व प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. पत्रकारिता करते हुए उन्होंने वर्ष 2015 में नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री ली. साइबर अपराध और नशे की गिरफ्त में फंसते युवाओं पर लिखी गयी उनकी एक्सक्लूसिव सीरीज स्टोरी ने न सिर्फ व्यापक चर्चा बटोरी, बल्कि संबंधित मामलों में कार्रवाई भी हुई. सधी हुई लेखन शैली, जमीनी रिपोर्टिंग और विश्वसनीय खबरों के लिए वे पत्रकारिता जगत में एक अलग पहचान रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










