हवन-पूजन के साथ सारठ में डीएवी पब्लिक स्कूल का शुभारंभ
Published by : SANJAY KUMAR RANA Updated At : 08 Apr 2026 7:14 PM
शिक्षा के नये युग की शुरुआत: डॉ पी हाजरा
प्रतिनिधि, चितरा ; सारठ में डीएवी पब्लिक स्कूल का शुभारंभ हवन कार्यक्रम के साथ विधिवत रूप से किया गया. हवन का संचालन जामताड़ा के संस्कृत शिक्षक मनोज कुमार पांडेय व सुमन कुमार झा ने कराया, जबकि मुख्य अतिथि दंपती दिगंबर मंडल और गुड़िया साव द्वारा इसे संपादित किया गया. उल्लेखनीय है कि जिस भवन में पूर्व में सुशीला हॉस्पिटल संचालित होता था, उसे अब डीएवी पब्लिक स्कूल के लिए उपलब्ध कराया गया है. इस अवसर पर डीएवी के क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ पी हाजरा ने कहा कि इस क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से डीएवी पब्लिक स्कूल की मांग की जा रही थी, जो आज पूरी हुई है. एडमिशन की प्रक्रिया शुरू है. कहा कि यह केवल एक इमारत का उद्घाटन नहीं, बल्कि शिक्षा के एक नये केंद्र और उज्ज्वल भविष्य की नींव रखने का अवसर है. उन्होंने विद्यालय को ज्ञान के मंदिर की संज्ञा दी, जहां से शिक्षा का प्रकाश दूर-दूर तक फैलेगा. डीएवी पब्लिक स्कूल, चितरा के प्राचार्य सह सारठ डीएवी के मैनेजर डॉ. राघवेन्द्र तिवारी ने इसे नयी शुरुआत और बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया. उन्होंने कहा कि यह अवसर शिक्षक और विद्यार्थियों के लिए मिलकर एक आदर्श शैक्षिक वातावरण तैयार करने का संकल्प लेने का है. वहीं, सारठ डीएवी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य वशिष्ट नारायण चौधरी ने कहा कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह चरित्र निर्माण और रचनात्मकता के विकास का माध्यम है. उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल कक्षाएं संचालित करना नहीं, बल्कि ऐसा वातावरण बनाना है जहां अनुशासन, ईमानदारी और आपसी सम्मान जैसे मूल्यों का विकास हो. उन्होंने विश्वास दिलाया कि शिक्षक विद्यार्थियों के मार्गदर्शक बनकर उनके सपनों को साकार करने में सहयोग करेंगे और उन्हें जीवनोपयोगी कौशल भी सिखायेंगे. कार्यक्रम के अंत में उन्होंने विद्यालय के सफल संचालन के लिए सभी को शुभकामनाएं दीं. इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के साथ अनेक गणमान्य अतिथि, अभिभावक एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे. हाइलार्ट्स : शिक्षा के नये युग की शुरुआत: डॉ पी हाजरा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










