बकरीद व महाविष्णु यज्ञ मेला को लेकर चितरा पुलिस ने किया फ्लैग मार्च
Published by : SANJAY KUMAR RANA Updated At : 27 May 2026 7:40 PM
चितरा: बकरीद और महाविष्णु यज्ञ मेला क्षेत्र की धार्मिक आस्था एवं सामाजिक सौहार्द से जुड़े महत्वपूर्ण आयोजन
चितरा. आगामी बकरीद पर्व एवं कोलियरी प्रक्षेत्र में आयोजित श्रीश्री 1008 महाविष्णु यज्ञ सह मेला को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को चितरा पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया. फ्लैग मार्च का नेतृत्व थाना प्रभारी विपिन कुमार ने किया. इस दौरान पुलिस ने चितरा बाजार, कोलियरी क्षेत्र, विभिन्न चौक-चौराहों, संवेदनशील इलाकों तथा मेला परिसर के आसपास भ्रमण कर लोगों से आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की. पुलिस जवानों ने पैदल मार्च करते हुए लोगों को सुरक्षा का संदेश दिया. साथ ही स्पष्ट किया कि पर्व व मेले के दौरान अफवाह फैलाने, असामाजिक गतिविधियों में शामिल होने अथवा माहौल बिगाड़ने की कोशिश करनेवालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी. भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं मेला क्षेत्र में विशेष निगरानी रखने की बात भी कही गयी. थाना प्रभारी विपिन कुमार ने कहा कि बकरीद और महाविष्णु यज्ञ मेला क्षेत्र की धार्मिक आस्था एवं सामाजिक सौहार्द से जुड़े महत्वपूर्ण आयोजन हैं. दोनों कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. उन्होंने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की. साथ ही बताया कि श्रद्धालुओं व लोगों की सुरक्षा को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जायेगी. मौके पर पुलिस अधिकारी, जवान एवं अन्य सुरक्षा कर्मी मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










