अडाणी से लाभ भी ले रहे व विरोध भी कर रहे प्रदीप
Edited by Prabhat Khabar Digital Desk
Updated:
विज्ञापन
आरोप. गोड्डा हंगामे पर सांसद निशिकांत दुबे ने कहा देवघर : गोड्डा में अडाणी पावर प्लांट के लिए मोतिया में जमीन की पर्यावरण स्वीकृति की जनसुनवाई में बाधा पहुंचाने के लिए पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव के उकसावे पर कुछ लोग पहुंचे. उक्त लोगों ने बैठक को असफल करने की साजिश की. उक्त बातें गोड्डा सांसद […]
विज्ञापन
आरोप. गोड्डा हंगामे पर सांसद निशिकांत दुबे ने कहा
देवघर : गोड्डा में अडाणी पावर प्लांट के लिए मोतिया में जमीन की पर्यावरण स्वीकृति की जनसुनवाई में बाधा पहुंचाने के लिए पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव के उकसावे पर कुछ लोग पहुंचे.
उक्त लोगों ने बैठक को असफल करने की साजिश की. उक्त बातें गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने देवघर में प्रेस कांफ्रेंस में कही. उन्होंने कहा कि विधायक प्रदीप और उनके लोग अडाणी से लाभ भी लेरहे हैं और विरोध भी कर रहे हैं. इससे पहले जिंदल से भी उनके लोगों ने लाभ लिया और इतना विरोध किया कि जिंदल को लौटना पड़ा.
बाबूलाल व प्रदीप दें जनता को विकास का ब्लू प्रिंट : सांसद ने प्रदीप यादव पर आरोप लगाया कि उनकी पार्टी झाविमो के जिलाध्यक्ष के संबंधी अब अडाणी की कंपनी में काम कर रहे हैं.
उनके पीए देवेंद्र पंडित के संबंधी भी अडाणी में काम कर रहे हैं. उनकी गाड़ियां वहां चलती हैं. उन्हें चुनाव में सहयोग करने वाले सुदर्शन भी अडाणी की कंपनी में काम करते हैं. उन्हें जनता को बताना चाहिए कि यह कैसा विरोध कर रहे हैं. प्रदीप जी को गोड्डा में न पानी चाहिए, न पावर प्लांट चाहिए, न रेल चाहिए. ऐसे में बाबूलाल जी जनता को बतायें कि कैसा विकास चाहती है उनकी पार्टी और क्या है उनका विकास का ब्लू प्रिंट.
गोड्डा. पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव ने रविवार को अपने आवास पर प्रेस वार्ता कर कहा कि मोतिया में पर्यावरणीय प्रभाव मूल्यांकन की जनसुनवाई को सरकार व अडाणी के दबाव में प्रशासन ने एक पक्षीय करा दिया. जनसुनवाई के दौरान दूसरों को बोलने नहीं दिया गया. इससे पहले छह दिसंबर की घटना को लेकर लगातार जनसुनवाई को रद्द करने का आग्रह किया गया था. जांच के लिए कमेटी बनी. राजीव रंजन को जांच पदाधिकारी बनाया गया, लेकिन उनका स्थानांतरण कर मामले को दरकिनार कर दिया गया. रविवार को प्रशासन ने सुनवाई प्रक्रिया पूरी कर ली. जब लोगों ने इसका विरोध किया, तो डंडा चला कर बर्बरता पूर्ण कार्रवाई की गयी. गोली चलायी गयी. आंसू गैस छोड़े गये. उन्होंने जनसुनवाई को रद्द करने की मांग की. उन्होंने कहा कि लाठी चार्ज में मोहानी गांव के मिथलेश यादव, देबंधा के पवन यादव, मिलटन यादव व मुकेश यादव घायल हुए हैं.
गोड्डा में जनसुनवाई नहीं, गन सुनवाई हुई : रांची : झाविमो की केंद्रीय प्रवक्ता सुनीता सिंह ने कहा कि सरकार अडाणी ग्रुप के हित में जमीन अधिग्रहण करना चाहती है. इसके लिए रैयतों व किसानों पर लाठी-गोली बरसा रही है़ जनसुनवाई में रैयतों द्वारा विरोध करने पर पुलिस की ओर से आंसू गैस के गोले छोड़े गये. लाठी व गोली चलायी गयी. सरकार लाठी-गोली चलानेवाले अफसरों को बरखास्त करे़ गोड्डा में जन सुनवाई नहीं, गन सुनवाई हुई़ इस घटना के खिलाफ सोमवार को गोड्डा में पार्टी के प्रधान महासचिव के नेतृत्व में उपवास कार्यक्रम होगा़
जनसुनवाई में बड़ी संख्या में शामिल हुए रैयत : संतोष
गोड्डा/रांची : गोड्डा के मोतिया गांव में रविवार को अडाणी के प्रस्तावित थर्मल पावर प्लांट के निर्माण की पर्यावरणीय स्वीकृति के लिए जनसुनवाई की गयी. अडाणी पावर लिमिटेड के पर्यावरण विभाग के उपाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि जनसुनवाई में कई गांवों के मुखिया समेत बड़ी संख्या में रैयत एवं आसपास के प्रभावित परिवार शामिल हुए. सभी को बताया गया कि यह पावर प्लांट अंतरराष्ट्रीय स्तर का होगा, जो पर्यावरण के सभी मानकों पर खरा उतरेगा.
संतोष कुमार सिंह ने बताया कि ग्रीन इंडिया कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक राहुल सिंह ने पर्यावरण के संबंध में तैयार सामाजिक प्रभाव की मूल्यांकन रिपोर्ट की जानकारी दी.
जनसुनवाई में पहुंचे रैयतों एवं आसपास के प्रभावित परिवारों ने भी थर्मल प्लांट से जुड़ी बातों को अधिकारियों के समक्ष रखा. पूर्व विधायक प्रशांत मंडल ने आसपास के 73 गांव में कंपनी द्वारा पौधरोपण का सुझाव दिया.लोगों ने ग्रीन बेल्ट का प्रयोग व प्लांट लगने से भूजल पर पड़ने वाले प्रभाव आदि के बारे में पूछा. उन्होंने बताया कि कंपनी के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भूजल का इस्तेमाल नहीं होगा. चीर नदी से पानी लाकर संग्रहित किया जायेगा और उसी का इस्तेमाल किया जायेगा. चिमनी की ऊंचाई लगभग 275 मीटर होगी. यह ध्यान रखा जायेगा कि वायु प्रदूषण कम से कम हो. उन्होंने बताया कि पर्यावरण के सभी मानकों का पूरी तरह से पालन करना सुनिश्चित किया जायेगा.
उन्होंने बताया कि सुनवाई में बक्सरा गांव के मुखिया सह प्रभावित रैयत हेमंत कुमार,अशोक चौधरी, प्रेमनंदन कुमार, बिंदु प्रधान, रामवरण झा व सच्चिदानंद समेत कई लोगों ने सवाल पूछा. मौके पर गोड्डा विधायक अमित मंडल, डीडीसी मुकुंद दास, झारखंड राज्य प्रदूषण बोर्ड की तरफ मिथिलेश झा, रवींद्र कुमार, रवि कुमार आदि मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










