Deoghar: ATM में कार्ड फंसाकर ठगी करने वाले 4 गिरफ्तार, बिहार से जुड़ा है कनेक्शन

Updated at : 15 Mar 2026 10:24 PM (IST)
विज्ञापन
Deoghar News

साइबर अपराधियों के पास से जब्त स्कॉर्पियो

Deoghar: देवघर से जसीडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने एटीएम कार्ड से ठगी करने वाले 4 अपराधियों को धर दबोचा है. उनके पास से कई एटीएम कार्ड, कुछ पैसे और एक स्कॉर्पियो मिला है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

Deoghar: जसीडीह थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर मोड़ स्थित एसबीआई एटीएम में कार्ड फंसाकर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. साइबर थाना और जसीडीह थाना की संयुक्त टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर हनुमान नगर के पास छापेमारी कर चार युवकों को पकड़ लिया. इनके पास से करीब 35000 रुपये, कई एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन और एक स्कॉर्पियो वाहन जब्त किये गये हैं. हालांकि इस मामले में पुलिस अभी कुछ नहीं बता रही है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर में बिहार के जमुई जिले का एक व्यक्ति जसीडीह थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर मोड़ स्थित एसबीआई एटीएम में पैसे निकालने पहुंचा. इसी दौरान उसका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया. एटीएम काउंटर के अंदर एक कागज पर हेल्पलाइन नंबर लिखकर चिपकाया गया था. पीड़ित ने उस नंबर पर फोन किया, तो मोबाइल धारक ने कुछ प्रक्रिया करायी, लेकिन रविवार होने का हवाला देते हुए कार्ड तत्काल नहीं निकल पाने की बात कही. इसके बाद पीड़ित वहां से निकलकर जाने लगा.

बिहार की नंबर वाली एक स्कॉर्पियो भी जब्त

इसी दौरान उसके मोबाइल पर खाते से 27000 रुपये निकासी का मैसेज आया. मैसेज मिलते ही उसे ठगी का अहसास हुआ और तुरंत साइबर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज करायी. शिकायत मिलते ही साइबर थाना की पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने संदिग्ध मोबाइल नंबर का डिटेल्स व लोकेशन निकाला. जांच के दौरान मोबाइल लोकेशन हनुमान नगर के पास स्थित एसबीआई एटीएम के आसपास मिला. इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल वहां छापेमारी कर चार युवकों को पकड़ लिया.

अपराधियों के पास से कई एटीएम कार्ड बरामद

पकड़े गये युवकों के पास से करीब 35000 रुपये, कई एटीएम कार्ड, दो-तीन मोबाइल फोन और बिहार के पटना जिले के नंबर की एक स्कॉर्पियो गाड़ी जब्त की गयी है. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने रामचंद्रपुर के पास स्थित एसबीआई एटीएम काउंटर से 27000 रुपये निकासी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपितों ने सत्संग नगर स्थित सेंट्रल बैंक एटीएम काउंटर में भी एक महिला के साथ इसी तरह की धोखाधड़ी की घटना को अंजाम दिया था. पकड़े गये आरोपितों में एक युवक बिहार के नवादा जिले का रहनेवाला है, जबकि बाकी तीन युवक जमुई जिले के सिकंदरा इलाके के निवासी बताये जा रहे हैं.

लंबे समय से सक्रिय था यह गिरोह

बताया जा रहा है कि यह गिरोह लंबे समय से इस तरह की ठगी की घटनाओं में सक्रिय है और देवघर सहित आसपास के इलाकों में पहुंचकर एटीएम में कार्ड फंसाकर लोगों को निशाना बनाता था. सूत्रों के अनुसार गिरोह ने पहले सत्संग नगर स्थित सेंट्रल बैंक एटीएम काउंटर में वारदात को अंजाम दिया. इसके बाद रामचंद्रपुर मोड़ स्थित एसबीआई एटीएम में ठगी की घटना की. इसके बाद वे हनुमान नगर के पास स्थित एसबीआई एटीएम के पास भी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे. बताया जाता है कि सत्संग नगर व रामचंद्रपुर एटीएम काउंटर में एक ही मोबाइल नंबर कागज पर लिखकर चिपकाया गया था. इसी नंबर के आधार पर पुलिस ने तकनीकी जांच करते हुए छापेमारी की और चारों आरोपितों को दबोच लिया. समाचार लिखे जाने तक साइबर थाना की पुलिस मामले की जांच में जुटी है और गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है. वहीं पुलिस के अधिकारी फिलहाल इस मामले में कुछ भी बताने से परहेज कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें…

चतरा एयर एंबुलेंस हादसा: 21 दिन बाद जंगल में मिला विमान का दूसरा इंजन

कोल्हान में खुलेगा ‘सिल्क पार्क’! चाईबासा में तसर बीज क्षेत्र के विस्तार पर DC और केंद्रीय वैज्ञानिक के बीच बड़ी चर्चा

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन