कोयला लदा हाइवा पलटने से चालक की मौत, तीन घंटे आवागमन रहा बाधित

चतरा-डोभी मुख्य मार्ग स्थित संघरी घाटी के समीप सड़क हादसा
चतरा-डोभी मुख्य मार्ग स्थित संघरी घाटी के समीप सड़क हादसा चतरा. चतरा-डोभी मुख्य मार्ग स्थित संघरी घाटी के पास शुक्रवार की अहले सुबह कोयला लदा हाइवा पलट गया, जिससे हाइवा चालक की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. मृतक की पहचान लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के सेरम पंडरिया गांव निवासी आदित्य राणा (26) पिता भोला राणा के रूप में की गयी. हाइवा पलटने से पूर्व लकड़ी का बोटा लदा एक ट्रक भी पलट गया था, जिससे सड़क पर बोटा बिखरा पड़ा था. अचानक सड़क पर बोटा देख हाइवा चालक का संतुलन बिगड़ा और हाइवा पलट गया. हादसे के बाद पीछे से आ रहे कई गाड़ियां व ट्रक आपस में टकरा गये, जिससे कुछ देर के लिए अफरा तफरी की स्थिति बन गयी. लकड़ी का बोटा व कोयला सड़क पर बिखरने से सड़क जाम हो गयी. सुबह करीब पांच बजे जाम लगा, जो सुबह करीब आठ बजे तक लगा रहा. जाम की वजह से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. घटना की सूचना पाकर पुलिस पहुंची. सड़क पर बिखरा कोयला व बोटा को हटाया गया. इसके बाद इस मार्ग पर वाहनों का परिचालन सामान्य हुआ. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा. साथ ही घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी. परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां शव देख दहाड़ मार कर रोने लगे. पोस्टमार्टम के बाद दोपहर में शव को अपने साथ घर ले गये. जानकारी के अनुसार, हाइवा पर अवैध रूप से कोयला लदा था. हाइवा मगध कोल परियोजना से कोयला लेकर गोनिया, जबड़ा, बगरा मोड़, चतरा जिला मुख्यालय होते हुए बिहार की ओर जा रहा था. इस दौरान दुर्घटना घटी. कोयले की हो रही है तस्करी कोयला लदा हाइवा के पलटने के बाद कोयले की तस्करी की पोल खुल गयी है. चतरा-डोभी मार्ग कोयला परिवहन का रूट नहीं है, इसके बाद भी हाइवा से कोयला भेजा जा रहा था. इससे अवैध कोयले के परिवहन का राज खुल गया. पुलिस व वन विभाग पर सवाल उठने लगे हैं. कोयले की तस्करी की चर्चा होने लगी है. सूत्रों के अनुसार सफेदपोशों के संरक्षण में कोयले की तस्करी की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




