चतरा-परैया रेल लाइन का डीपीआर तैयार, अगले माह होगा टेंडर: सांसद
Published by : DEEPESH KUMAR Updated At : 18 May 2026 9:24 PM
जिला के लोगों की वर्षों पुरानी रेल लाइन की मांग पूरी होने की उम्मीद
: जिला के लोगों की वर्षों पुरानी रेल लाइन की मांग पूरी होने की उम्मीद चतरा. जिला के लोगों की वर्षों पुरानी रेल लाइन की मांग अब पूरी होने की उम्मीद जगी है. परैया (गया)-चतरा रेल लाइन को विशेष रेल परियोजना घोषित कर दिया गया है. इसके साथ ही यह महत्वाकांक्षी परियोजना अब धरातल पर उतरने के करीब पहुंच गयी है. परियोजना का डीपीआर तैयार कर लिया गया है तथा अगले माह इसका टेंडर जारी होने की संभावना है. टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही रेल लाइन निर्माण कार्य शुरू कर दिया जायेगा. यह जानकारी सांसद कालीचरण सिंह ने सोमवार को विकास भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी. उन्होंने कहा कि सांसद बनने के बाद उन्होंने रेल लाइन के मुद्दे को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा और जनता की आवाज को गंभीरता से लेते हुए रेल मंत्रालय एवं केंद्र सरकार के समक्ष लगातार मांग उठायी. निरंतर संवाद और प्रयासों के परिणामस्वरूप आज जिले को यह ऐतिहासिक उपलब्धि मिली है. सांसद ने बताया कि परैया-चतरा रेल लाइन की कुल लंबाई 75.1 किलोमीटर होगी. इसके अलावा बेहतर कनेक्टिविटी के लिए 4.95 किलोमीटर लंबे वाई कनेक्शन का भी निर्माण किया जायेगा. परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण मद में 531 करोड़ रुपये का आवंटन किया जा चुका है. इससे भूमि अधिग्रहण, प्रशासनिक स्वीकृतियों और अन्य प्रक्रियाओं में तेजी आयेगी. उन्होंने कहा कि यह रेल परियोजना चतरा जिले के विकास में मील का पत्थर साबित होगी. लंबे समय से रेल सुविधा से वंचित रहने के कारण यहां के लोगों को आवागमन, शिक्षा, रोजगार और व्यापार में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था. रेल लाइन बनने के बाद चतरा सीधे गया सहित अन्य बड़े शहरों से जुड़ जायेगा, जिससे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नयी गति मिलेगी. सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार इस परियोजना को प्राथमिकता दे रही है और जल्द ही लोगों को निर्माण कार्य धरातल पर दिखायी देने लगेगा. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार प्रकट किया. मौके पर सांसद प्रतिनिधि विनय सिंह, बैजनाथ यदुवंशी, अरुण सिंह, अरविंद कुमार समेत अन्य उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










