Chaibasa News : पुल और सड़क जल्द बने, नहीं तो करेंगे वोट बहिष्कार

Published by : ATUL PATHAK Updated At : 24 Feb 2026 12:27 AM

विज्ञापन

अंगरिया के ग्रामीणों ने ग्रामसभा कर चुनाव बहिष्कार का किया एलान

विज्ञापन

बंदगांव. बंदगांव प्रखंड की चंपवा पंचायत के ग्राम अंगरिया के ग्रामीणों की बैठक सोमवार को हुई. इसकी अध्यक्षता ग्राम मुंडा मोहन सिंह ओड़ेया ने की. इस विशेष ग्रामसभा में ग्रामीणों ने बुनियादी सुविधाओं के अभाव पर गहरा रोष व्यक्त किया. बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि जल्द ही राडू नदी पर पुल और जर्जर सड़क का निर्माण नहीं हुआ, तो ग्रामीण आगामी सभी चुनावों का पूर्ण बहिष्कार करेंगे.

10 साल से सिर्फ आश्वासन, धरातल पर शून्य

ग्रामीणों ने कहा कि पिछले कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों में नेताओं ने पुल निर्माण का वादा किया था, लेकिन वोट लेने के बाद वे अपना वादा भूल जाते हैं. पिछले 10 वर्षों से पुल और सड़क की मांग की जा रही है, परंतु आज भी अंगरिया और बोंबोगा जैसे कई गांवों के लोग राडू नदी के कारण शेष दुनिया से कटे हुए हैं. नदी पर पुल नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में पंचायत और प्रखंड कार्यालय से संपर्क पूरी तरह टूट जाता है.

बरसात में मरीजों को अस्पताल ले जाने में होती है परेशानी

ग्रामीणों ने बताया कि गर्भवती महिलाओं को अस्पताल ले जाना जान जोखिम में डालने जैसा होता है. स्कूली बच्चों को नदी पार करने में काफी कठिनाई होती है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है. राडू नदी से बोंबोगा तक की 4 किलोमीटर सड़क 30 साल पहले बनी थी, जो अब चलने लायक भी नहीं बची है. आंगनबाड़ी केंद्र का अपना भवन नहीं है, नन्हे बच्चे पेड़ के नीचे पढ़ने को मजबूर हैं. खराब सोलर जलमीनारों की मरम्मत नहीं करायी जा रही है.

100 आदिवासी परिवार को नहीं मिला आवास योजना का लाभ

100 आदिवासी परिवार वाले इस गांव के कई पात्र लोग अब भी आवास योजना से वंचित हैं. ग्राम मुंडा ने कहा कि इन सभी मांगों को लेकर जल्द ही बीडीओ और क्षेत्रीय विधायक को मांग पत्र सौंपा जायेगा ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे विधानसभा, लोकसभा और पंचायत चुनाव का बहिष्कार करेंगे. ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अब हमें अपने हक और क्षेत्र के विकास के लिए आर-पार की लड़ाई लड़नी होगी. बैठक में गोपाल ओड़ेया, प्रेम सिंह ओड़ेया, मोहन सिंह बोदरा, लेबया ओड़ेया, सुंदर ओड़ेया, सिगीन ओड़ेया, एतोवा ओड़ेया, सोहराई ओड़ेया, विजय ओड़ेया समेत बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए.

विज्ञापन
ATUL PATHAK

लेखक के बारे में

By ATUL PATHAK

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola