Chaibasa News : गीतांजलि एक्सप्रेस में पानी खत्म यात्रियों ने टाटानगर में किया हंगामा
Published by : ATUL PATHAK Updated At : 05 Apr 2026 11:56 PM
यात्री बोले- गर्मी में ट्रेनों में पानी खत्म होना सुविधा के साथ खिलवाड़
चक्रधरपुर. हावड़ा से मुंबई की ओर जा रही 12860 गीतांजलि एक्सप्रेस में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब ट्रेन के कोचों में पानी पूरी तरह समाप्त हो गया. लंबी दूरी की इस प्रीमियम ट्रेन में पानी नहीं होने से यात्री आक्रोशित हो गये. टाटानगर स्टेशन पर ट्रेन पहुंचते ही यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया. रेल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी. सैकड़ों यात्रियों ने ट्रेन के आगे खड़े होकर विरोध प्रदर्शन किया. उनका आरोप था कि इतनी महत्वपूर्ण ट्रेन में पानी जैसी बुनियादी सुविधा नहीं होना रेलवे की घोर लापरवाही है. यात्रियों ने चेतावनी दी कि जब तक बाथरूम और कोच में पानी की समुचित व्यवस्था नहीं होगी, ट्रेन को आगे बढ़ने नहीं दिया जायेगा. इस हंगामे के कारण स्टेशन परिसर में काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही.
उदय माझी ने डीआरएम से बात की
इसी ट्रेन में हावड़ा से चक्रधरपुर की यात्रा कर रहे सिंहभूम की सांसद जोबा माझी के पुत्र और झामुमो के युवा नेता उदय माझी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बीच-बचाव किया. उन्होंने तत्काल चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया से फोन पर बात की और यात्रियों की समस्या से अवगत कराया. डीआरएम ने भरोसा दिलाया कि ट्रेन के चक्रधरपुर स्टेशन पहुंचते ही पानी भरने की विशेष व्यवस्था की जायेगी.शुरू में यात्री केवल आश्वासन से संतुष्ट नहीं थे, पर उदय माझी ने स्वयं आगे बढ़कर यात्रियों से संवाद किया. उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि वे खुद चक्रधरपुर तक साथ हैं. यदि वहां पानी नहीं भरा गया, तो वे स्वयं इस मुद्दे पर आंदोलन का नेतृत्व करेंगे. उनके आश्वासन के बाद यात्रियों का गुस्सा शांत हुआ और ट्रेन को टाटानगर से रवाना किया जा सका. यात्रियों का कहना था कि गर्मी में लंबी दूरी की ट्रेनों में पानी का खत्म होना यात्रियों की सुविधा के साथ खिलवाड़ है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










