Chaibasa News : जमीन विवाद में वृद्धा की हत्या से दुड़िरता गांव में तनाव, गिरफ्तारी को छापेमारी जारी

Published by : ATUL PATHAK Updated At : 03 Apr 2026 11:44 PM

विज्ञापन

मृतका के परिजनों ने थाने में चाचा सहित चार सदस्यों के खिलाफ शिकायत की

विज्ञापन

जगन्नाथपुर. पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थानांतर्गत दुड़िरता गांव के मुरलापर टोला में गुरुवार को जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. 1.17 एकड़ जमीन बंटवारे को लेकर एक परिवार के दो पक्षों में संघर्ष हुआ. 75 वर्षीय सपानी कुई की पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी. इस खूनी झड़प में करीब एक दर्जन लोग घायल हुए हैं, जिससे पूरे गांव में तनाव का माहौल व्याप्त है. मृतका के पुत्र अमित जेराई ने अपने चाचा विक्रम जेराई और उनके पुत्रों कमल, ललित व प्रवीण जेराई के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है. दोषियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

तीन माह से चल रहा था विवाद:

जानकारी के अनुसार, परिवार के दोनों पक्षों के बीच पिछले तीन महीनों से जमीन को लेकर तनातनी चल रही थी. गुरुवार की दोपहर लगभग 2:30 बजे यह विवाद अचानक उग्र हो गया. देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से हमला शुरू हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. थाना प्रभारी टिंकु कुमार दास ने बताया कि यह पूरी तरह से पारिवारिक विवाद का मामला है.

आंखों में स्प्रे छिड़ककर हमले का आरोप

प्रथम पक्ष के अमित जेराई और समीर जेराई ने आरोप लगाया कि उनकी मां सपानी कुई आंगन में काम कर रही थीं, तभी दूसरे पक्ष ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गयी. परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने पहले आंखों में स्प्रे छिड़का और फिर दाऊली (धारदार हथियार) से वार किया. इस हमले में रोया जेराई के हाथ की नस कट गयी और अमित जेराई का सिर फट गया, जबकि समीर व मुक्ता जेराई गंभीर रूप से घायल हैं.

दूसरे पक्ष ने लगाया हमले का आरोप

वहीं, दूसरे पक्ष का कहना है कि वे खेत से काम कर लौट रहे थे, तभी पहले पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला बोल दिया, जिसके बाद आत्मरक्षा में झड़प हुई. घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए जगन्नाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है.

विज्ञापन
ATUL PATHAK

लेखक के बारे में

By ATUL PATHAK

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola