Chaibasa News : किरीबुरु लौह अयस्क खदान में ट्रांसफॉर्मर में तेल डालने के दौरान लगी आग, मजदूर झुलसा

Published by : ATUL PATHAK Updated At : 25 Feb 2026 11:38 PM

विज्ञापन

ठेका श्रमिक को गंभीर हालत में राउरकेला भेजा गया, सेल प्रबंधन ने शुरू की जांच

विज्ञापन

गुवा. सेल की किरीबुरु लौह अयस्क खदान स्थित सर्विस सेंटर में बुधवार को ट्रांसफॉर्मर में तेल डालने के दौरान अचानक आग गयी. इससे एक ठेका श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गया. घायल श्रमिक की पहचान किरीबुरु के हाटिंग निवासी बिरसा के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार बिरसा सर्विस सेंटर में ट्रांसफॉर्मर में तेल भर रहा था, तभी अचानक बिजली के तारों में जोरदार स्पार्किंग हुई. स्पार्किंग से निकली चिंगारी से बिरसा के कपड़ों में आग पकड़ ली. देखते ही देखते वह बुरी तरह झुलस गया. प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार ठेका श्रमिक को बिजली का झटका नहीं लगा है, बल्कि वह स्पार्किंग के कारण लगी आग की चपेट में आने से घायल हुआ है. हादसे के बाद कार्यस्थल पर हड़कंप मच गया. वहां मौजूद अन्य कर्मियों ने तुरंत आग बुझाई और घायल बिरसा को तत्काल सेल किरीबुरु जनरल अस्पताल ले गये. यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीरता को देखते हुए उसे बेहतर चिकित्सा के लिए आइजीएच राउरकेला रेफर कर दिया है. इस हादसे के बाद खदान में काम करने वाले अन्य श्रमिकों में आक्रोश देखा जा रहा है.

जांच का आश्वासन

खदान प्रबंधन ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच के आदेश दिये हैं. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि स्पार्किंग का मुख्य कारण क्या था और क्या वहां सुरक्षा मानकों की अनदेखी हुई थी.

विज्ञापन
ATUL PATHAK

लेखक के बारे में

By ATUL PATHAK

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola