बारिश ने बढ़ाई परेशानी, हतनाबुरु के पास सड़क का हिस्सा बहा
सड़क का बड़ा हिस्सा बहा
सारंडा क्षेत्र में लगातार हो रही भारी वर्षा से हतनाबुरु गांव के समीप ग्रामीण सड़क का एक बड़ा हिस्सा बह गया है. तेज बहाव और गिरे पेड़ से आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है, जिससे ग्रामीणों को गंभीर असुविधा का सामना करना पड़ रहा है.
गुवा: सारंडा क्षेत्र में लगातार हो रही भारी वर्षा से हतनाबुरु गांव के समीप ग्रामीण सड़क की स्थिति खराब हो गई है. तेज बारिश के पानी के बहाव में पुलिया के पास पीसीसी सड़क का बड़ा हिस्सा बह गया है. वहीं, सड़क पर एक पेड़ भी गिर गया है, जिससे मार्ग और अधिक संकरा हो गया है. सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
स्थिति ऐसी हो गई है कि ग्रामीणों को मोटरसाइकिल तक क्षतिग्रस्त हिस्से से पार कराने में काफी दिक्कत हो रही है. बारिश के दौरान पानी का तेज बहाव होने से खतरा और बढ़ जाता है. हतनाबुरु के समीप क्षतिग्रस्त यह सड़क छोटानागरा से थोलकोबाद जाने वाला प्रमुख मार्ग है. इस रास्ते से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण आवागमन करते हैं. सड़क के क्षतिग्रस्त होने से सारंडा के दर्जनों गांवों के लोगों को बाजार, स्कूल, अस्पताल सहित अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचने में परेशानी हो रही है.
गिरे पेड़ को तत्काल हटाने हुई मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से सड़क पर गिरे पेड़ को तत्काल हटाने तथा बह चुके हिस्से की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में मार्ग पूरी तरह बाधित हो सकता है, जिससे क्षेत्र के लोगों की परेशानी और बढ़ जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









