कोल्हान अलग देश मामला : धारा 144 के बीच असुरा हाईस्कूल में चल रही थी फर्जी बहाली, पुलिस ने खदेड़ा था
Published by : Sameer Oraon Updated At : 26 Jan 2022 9:59 AM
कोल्हान अलग देश मामले में एक खुलासा हुआ है, दरअसल असुरा हाईस्कूल में धारा 144 के बीच फर्जी बहाली चलायी जा रही थी. जहां 300 से 400 लोग जमा हुए थे. इस बात की सूचना मिलने पर पुलिस ने वहां पर पहुंच कर खदेड़ा था.
चाईबासा : अलग कोल्हान देश के नाम पर पश्चिमी सिंहभूम जिले में धारा 144 (कोरोना के कारण) के समय आरोपियों ने बहाली प्रक्रिया चलायी थी. पिछले 14 जनवरी को असुरा उच्च विद्यालय मैदान में कैंप लगा था. यहां 300 से 400 युवक व युवतियां जमा हुए थे. यहां सैकड़ों युवाओं ने फाॅर्म लेकर आवेदन जमा किया था.
फर्जी बहाली की सूचना पाकर झींकपानी पुलिस असुरा पहुंची थी. पुलिस ने कोरोना के कारण क्षेत्र में धारा 144 लागू होने की बात कह मैदान से हटने को कहा. इसके बावजूद सभी मैदान में डटे थे. यह देख पुलिस ने कार्रवाई की चेतावनी दी, तब मैदान में जमा लोग तितर-बितर हुए. पुलिस के पहुंचने के बाद युवाओं को पता चला कि वे ठगी के शिकार हो गये हैं.
जानकारी के अनुसार उस दिन बारिश हो रही थी. वहीं, नौकरी पाने की आस में बारिश में भीगते हुए युवाओं ने फिटनेस टेस्ट दिया था. आवेदन जमा करने वाले युवाओं से कहा गया था कि उनकी नौकरी पक्की हो गयी है. उन्हें जल्द अप्वाइंटमेंट लेटर दिया जायेगा.
जानकारी के अनुसार पढ़े-लिखे युवकों ने आवेदन जमा किया था. उनसे कहा गया था कि उन्हें अच्छा पोस्ट मिलेगा. इसके लिए अलग से 10 हजार रुपये जमा करने होंगे. कुछ युवकों ने 10 हजार रुपये जमा किये थे. उस दौरान किसी को फोटो लेने व वीडियो बनाने नहीं दिया जा रहा था. इसके बावजूद कुछ लोगों ने चोरी छिपे विडियो बनायी थी.
पुलिस पर हमला व देशद्रोह की मंशा से फर्जी बहाली मामले में अबतक 19 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है. दूसरी ओर कोल्हान गवर्मेंट इस्टेट का खुद को खेवटदार नंबर एक कहने वाले आनंद चातर फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. वहीं संगठन के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है. आनंद चातर मझगांव थाना क्षेत्र के बेनाजोड़ी गांव का रहने वाला है.
पश्चिमी सिंहभूम जिले में अलग कोल्हान देश की आग फिर भड़कने के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है. इस बाबत पांच साल पूर्व के मामले में फरार चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर मंगलवार की शाम जेल भेज दिया है.
Posted By : Sameer Oraon
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










