Chaibasa News : रुपये के लेन-देन में हजारीबाग जेल के गार्ड व पत्नी की हुई थी हत्या

Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 25 Dec 2024 12:16 AM

विज्ञापन

आरोपियों ने चक्रधरपुर में 20 दिसंबर को जेल के गार्ड का सिर काट दिया था, 22 को चाईबासा में पत्नी की भी हत्या कर दी थी

विज्ञापन

-आरोपियों से अपनी गाड़ी लेने चाईबासा आये थे दंपती, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी व मोबाइल फोन बरामद-दोहरे हत्याकांड का एसपी ने किया उद्भेदन, तीन आरोपी गिरफ्तार

चाईबासा.चक्रधरपुर में 20 दिसंबर को हजारीबाग जेल के गार्ड की और 22 दिसंबर को चाईबासा में उसकी पत्नी की हत्या मामले का एसपी आशुतोष शेखर ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उद्भेदन किया. उन्होंने बताया दोनों की हत्या रुपये के लेनदेन के विवाद को लेकर की गयी है. इस दोहरे हत्याकांड में संलिप्त पश्चिमी सिंहभूम के तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में तीनों आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है. आरोपियों में रामराई सुरीन (सोनुआ, पश्चिमी सिंहभूम), बुधन सिंह सवैयां उर्फ छोटा (झींकपानी,पश्चिमी सिंहभूम), मंगता सुरीन (सोनुआ, पश्चिमी सिंहभूम). शामिल हैं. परिजनों ने शव की पहचान हजारीबाग निवासी निर्मल एक्का (पिता-पीटर एक्का पता- कोर्रा, हजारीबाग) व पत्नी की रश्मि मोनिका सनमानी के रूप में की है. तीनों आरोपियों की निशानदेही पर इस कांड में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, मृतकों व आरोपियों के मोबाइल व घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी व कार को भी बरामद किया है. रामराई सुरीन के नाम से सोनुआ व परसुडीह में मामले दर्ज हैं.

हजारीबाग के मंडलकारा में आरोपी व जेल के गार्ड की हुई थी दोस्ती

एसपी ने बताया कि रामराई सुरीन वर्ष 2012 से सोनुआ थाना में दर्ज मामले को लेकर मंडल कारा हजारीबाग में सजायाफ्ता कैदी के रूप में सजा काट रहा था. इस दौरान उसकी दोस्ती मंडल कारा में गार्ड के रूप में तैनात हजारीबाग निवासी सेवानिवृत्त सैन्य कर्मी निर्मल एक्का से हुई. निर्मल ने बताया कि उसने जमीन के लिए पैसों की जरूरत है, पैसे दो, मैं बाद में वापस कर दूंगा. इसके बाद वर्ष-2021 से करीब साढ़े पांच लाख रुपये रामराई ने निर्मल एक्का को दिये.

रुपये के बदले खराब कार देने का गार्ड पर आरोप

एसपी ने बताया कि रामराई ने कहा पैसे की मांग करने पर निर्मल अपनी कार को मुझे ले जाने को कहा. रामराई 9 अक्तूबर 2024 को जमानत पर कारा से मुक्त होने के बाद निर्मल की गाड़ी को लेकर अपने गांव चक्रधरपुर के देवांवीर आया, जिसके बाद रामराई ने निर्मल को फोन कर बताया गया कि तुम्हारी गाड़ी खराब है. निर्मल ने कहा गाड़ी नहीं लोगे, तो मैं अपना गाड़ी वापस ले लूंगा और पैसा भी नहीं दूंगा. इस पर रामराई ने उसे जान से मारने की योजना बनायी.

कार लेने को दंपती चाईबासा पहुंचे थे

रामराई ने पुलिस को बताया कि इसी बीच 17 दिसंबर को कार लेने के लिए निर्मल पत्नी रश्मि के साथ बस से चाईबासा पहुंचा. फिर रामराई ने सहयोगियों की मदद से दंपती को रिसीव किया. इसके बाद उन्हें झींकपानी थाना क्षेत्र केलेंडे गांव निवासी बुधन सिंह सावैयां के घर पर रखा. दो दिन घर पर रखने के बाद उन्हें 19 दिसंबर की शाम में यह कहकर गाड़ी में बैठाया कि उन्हें वे लोग चक्रधरपुर तक छोड़ देंगे, लेकिन उनकी मंशा गाड़ी वापस करने की नहीं थी. इस वजह से रामराई गाड़ी की डिक्की में कुल्हाड़ी लेकर निकला और अपने सहयोगी बुधन सावैयां व मांगता सुरीन के साथ बरकेला के रास्ते जंगल में ले गया. जहां रामराई लघुशंका करने के बहाने गाड़ी से उतरकर डिक्की से कुल्हाड़ी निकाल लिया और जैसे ही निर्मल गाड़ी से उतरा कुल्हाड़ी से सिर काटकर मौत के घाट उतार दिया.

जेल के गार्ड का शव रास्ते में फेंक दिया

रामराई ने पुलिस को बताया जेल के गार्ड की हत्या के बाद बॉडी को डिक्की में रखकर चक्रधरपुर के उटुटुवा जंगल में धड़ को रास्ता के किनारे अलग जगह पर फेंक दिया, जबकि कटे हुए सिर को थोड़ी दूर में पत्थर के बीच छिपा दिया. अगले दिन 20 दिसंबर को उसकी पत्नी रश्मि मोनिका की भी हत्या मुफस्सिल थाना क्षेत्र के आचू गांव में गाड़ी से निकाल कर कर दी और गाड़ी को बुधन सिंह सावैयां के घर पर रखकर बाइक लेकर अपने-अपने घर चले गये.

चक्रधरपुर व मुफस्सिल थाना में दर्ज हुआ था केस

मालूम हो कि पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थानांतर्गत 20 दिसंबर को पुलिस ने कोउटुटुवा गांव में एक अज्ञात व्यक्ति की सिर कटी लाश बरामद की थी. इस संबंध में चक्रधरपुर थाना में मामला दर्ज हुआ था. वहीं, घटना के दो दिन बाद मुफस्सिल थाना अंतर्गत ग्राम आचू में सड़क किनारे एक अज्ञात महिला की लाश मिली थी. उसके सिर पर चोट के निशान थे व गर्दन किसी धारदार हथियार से काटा हुआ था. 22 दिसंबर को मुफस्सिल थाना में मामला दर्ज हुआ था. इस उद्भेदन में तकनीकी सहयोग व वैज्ञानिक तरीकों से मामले का अनुसंधान किया गया.

आरोपियों के पास से बरामद सामान

कार (जेएच-01 डीजी-2219), कुल्हाड़ी-2 पीस, मृतक व मृतिका के मोबाइल – 2, आरोपियों के मोबाइल-2

छापेमारी दल में ये थे शामिल

बहामन टूटी, निखिल राय, कुमार विनोद, प्रदीप कुमार, राजीव रंजन, रंजीत उरांव, शीला मिंज, महानंद कुमार, रोहित कुमार, अभय कुमार, अरविंद कुमार कुशवाहा आदि.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola