22 हजार छात्रों को मिलनी थी साइकिल, आखिर कितनों तक पहुंचा योजना का लाभ..पढ़ें पूरी खबर

Updated:
विज्ञापन

बैठक करते डीसी

चाईबासा में उपायुक्त मनीष कुमार ने कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा की. उन्होंने साइकिल वितरण और छात्रवृत्ति का लाभ समय पर देने के निर्देश दिए.

विज्ञापन

चाईबासा: चाईबासा समाहरणालय में बुधवार को उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण, मुख्यमंत्री चिकित्सा अनुदान और वनाधिकार पट्टा समेत कई योजनाओं की प्रगति की जांच की गई.

19,299 छात्रों को मिल चुकी है साइकिल

बैठक में बताया गया कि जिले में 22,006 छात्रों को साइकिल देने का लक्ष्य रखा गया है. इनमें से अब तक 19,299 छात्रों को साइकिल मिल चुकी है. उपायुक्त ने अधिकारियों को बाकी छात्रों तक भी जल्द से जल्द साइकिल पहुंचाने का निर्देश दिया.

उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य छात्रों को स्कूल आने-जाने में होने वाली परेशानी को कम करना है, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो.

छात्रवृत्ति का पैसा जल्द देने का निर्देश

प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों और बैंकों से लाभुकों की नई सूची उपलब्ध कराने को कहा.

उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रवृत्ति वितरण में पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए और किसी भी छात्र को अनावश्यक रूप से इंतजार नहीं करना चाहिए.

जरूरतमंदों को जल्द मिले चिकित्सा सहायता

बैठक में मुख्यमंत्री चिकित्सा अनुदान योजना की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने कहा कि पात्र लोगों को समय पर आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए, ताकि इलाज में किसी तरह की परेशानी न हो.

वनाधिकार पट्टा और दूसरी योजनाओं की भी हुई समीक्षा

बैठक में वनाधिकार पट्टा वितरण की स्थिति की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र लोगों के मामलों का जल्द निपटारा किया जाए. उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ जिले के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए. इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा.

बैठक में आईटीडीए के परियोजना निदेशक जयदीप तिग्गा, गोपनीय प्रभारी कुमार हर्ष, बैंक ऑफ इंडिया के जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक विष्णु समेत कई अधिकारी मौजूद थे.


विज्ञापन
Bhagirathi Mahato

लेखक के बारे में

By Bhagirathi Mahato

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola