Chaibasa News : आरपीएफ को हरा भुवनेश्वर क्वाफा में, आज टाटा मोटर्स से होगी भिड़ंत

Published by : ATUL PATHAK Updated At : 29 Jan 2026 11:47 PM

विज्ञापन

स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल टूर्नामेंट. मैन ऑफ द मैच बने विनोद हांसदा

विज्ञापन

चक्रधरपुर. सेरसा इकबाल सिंह संधू स्टेडियम में खेले जा रहे 29वें स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल टूर्नामेंट के दूसरे दिन सेंट्रल आरपीएफ और जागा यूनाइटेड क्लब भुवनेश्वर के बीच मुकाबला खेला गया. यह मैच अधिक रोमांचक नहीं रहा. भुवनेश्वर ने अनुशासित खेल का प्रदर्शन करते हुए सेंट्रल आरपीएफ को 2–0 से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया. मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों की अग्रिम पंक्ति कमजोर नजर आयी. गेंद को गोलपोस्ट तक ले जाने में दोनों टीमें जूझती दिखीं. बार-बार मिले अवसरों के बावजूद दिशाहीन शॉट्स के कारण खेल नीरस बना रहा.

भुवनेश्वर ने 36वें मिनट में पहला गोल किया :

खेल के 36वें मिनट में भुवनेश्वर को सफलता मिली. जर्सी नंबर-9 एकलव्य लकुवा ने सटीक फिनिश के साथ गोल दागते हुए अपनी टीम को 1-0 से बढ़त दिला दी. इसके बाद सेंट्रल आरपीएफ ने बराबरी के प्रयास किये, पर कमजोर फॉरवर्ड लाइन के कारण कोई ठोस मौका नहीं बना सकी. हाफ टाइम तक भुवनेश्वर की टीम 1-0 से आगे रही.

50वें मिनट में दूसरा गोल किया

दूसरे हाफ की शुरुआत से भुवनेश्वर ने आक्रामक रुख अपनाया. 50वें मिनट में जर्सी नंबर-17 लोधा सिंह ने शानदार गोल कर बढ़त को 2-0 कर दिया. यह गोल निर्णायक साबित हुआ. इसके बाद सेंट्रल आरपीएफ ने वापसी की कोशिश की, पर उनकी हर कोशिश को भुवनेश्वर के डिफेंस या गोलकीपर के सामने दम तोड़ती रही. सेंट्रल आरपीएफ के गोलरक्षक विनोद हांसदा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आधा दर्जन से अधिक निश्चित गोल बचाये. उनकी बेहतरीन गोलकीपिंग से टीम बड़ी हार से बच सकी. उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विनोद हांसदा को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया.

स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल में ढोल-ताशा ने बढ़ाया रोमांच

चक्रधरपुर. स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल प्रतियोगिता को रोचक बनाने व दर्शकों में उत्साह का संचार करने के उद्देश्य से प्रतियोगिता के दूसरे दिन गुरुवार को रेल प्रशासन की ओर से ढोल-ताशा की व्यवस्था की गयी थी. मैच के दौरान हर शानदार शॉट और बेहतरीन खेल पर ढोल-ताशा की गूंज से पूरा स्टेडियम गूंज उठा. इससे खिलाड़ियों का हौसला भी बढ़ता नजर आया. वहीं मैच के मध्यांतर के दौरान भी दर्शकों के मनोरंजन के लिए ढोल और ताशा बजाया गया. रंगारंग माहौल और जोशीली धुनों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया.

विज्ञापन
ATUL PATHAK

लेखक के बारे में

By ATUL PATHAK

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola