Chaibasa News : महिला कॉलेज में 2 मार्च को विकसित भारत युवा सांसद कार्यक्रम

Published by : ATUL PATHAK Updated At : 26 Feb 2026 11:32 PM

विज्ञापन

3 मिनट की स्पीच से राज्य स्तर के लिए होगा चयन, हिंदी-अंग्रेजी में दे सकेंगे भाषण

विज्ञापन

चाईबासा. युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के तत्वावधान में 2 मार्च 2026 को महिला कॉलेज(चाईबासा) में ‘विकसित भारत युवा सांसद कार्यक्रम’ का आयोजन किया जाएगा. इस कार्यक्रम के माध्यम से जिले के 18 से 25 वर्ष के छात्र-छात्राएं “आपातकाल के 50 वर्ष: लोकतंत्र के लिए सबक” विषय पर अपने विचार रखेंगे. विद्यार्थी हिंदी या अंग्रेजी, किसी एक भाषा में तीन मिनट का भाषण दे सकेंगे. देशभर के युवाओं को एक मंच से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न राज्यों के अलग-अलग जिलों में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है.

आपातकाल की पृष्ठभूमि पर चर्चा

ज्ञात हो कि 25 जून 1975 को देश में आपातकाल की घोषणा की गयी थी. उस दौरान विभिन्न जिलों और क्षेत्रों में लोगों को कई प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था. कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को इतिहास से सीख लेते हुए लोकतंत्र के मूल्यों पर विचार करने का अवसर देना है. यह आयोजन केंद्र सरकार के निर्देशानुसार राज्य के विभिन्न जिलों में किया जा रहा है, ताकि युवाओं की सोच को समझा जा सके और उन्हें सार्वजनिक जीवन के प्रति जागरूक बनाया जा सके.

3 मिनट की स्पीच से चुने जाएंगे 10 विद्यार्थी:

गुरुवार को प्राचार्या कक्ष में आयोजित प्रेस मीट में कॉलेज की प्राचार्या डॉ प्रीतिबाला सिन्हा और एनएसएस जिला नोडल पदाधिकारी डॉ अर्पित सुमन ने कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी. मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में कोल्हान विश्वविद्यालय के प्रोक्टर डॉ राजेंद्र भारती उपस्थित रहेंगे. जिला स्तर पर सर्वश्रेष्ठ 10 वक्ताओं का चयन किया जाएगा, जिन्हें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा. राज्य से चयनित प्रतिभागी नयी दिल्ली में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरू होगा. लगभग डेढ़ घंटे के उद्घाटन सत्र के बाद भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी.

5 सदस्यीय ज्यूरी करेगी मूल्यांकन:

जिला स्तरीय कार्यक्रम के लिए 5 सदस्यों की ज्यूरी गठित की गयी है. इसमें तीन शिक्षाविद, एक सामाजिक कार्यकर्ता और एक भूतपूर्व आइएएस अधिकारी शामिल होंगे. प्रतिभागियों के भाषण का मूल्यांकन छह बिंदुओं पर किया जाएगा. इसमें विषय के अनुरूप कंटेंट, भाषण की स्पष्टता व संरचना, बोलने की शैली व बॉडी लैंग्वेज, रचनात्मकता व नवीनता, भाषा की शुद्धता व प्रवाह व समय प्रबंधन शामिल हैं.

अब तक 80 का पंजीकरण, लक्ष्य 100

प्राचार्या डॉ सिन्हा ने बताया कि अब तक 80 छात्र-छात्राओं का पंजीकरण हो चुका है, जबकि जिले से कुल 100 युवाओं का पंजीकरण किया जाना है. विभिन्न कॉलेजों और प्लस टू स्कूलों में जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है ताकि कोई भी इच्छुक प्रतिभागी वंचित न रहे. कॉलेज प्रबंधन ने इस आयोजन के लिए खेल मंत्रालय के साथ एमओयू भी किया है.

ऐसे होगा रजिस्ट्रेशन:

कार्यक्रम में भाग लेने के इच्छुक युवाओं को ‘माय भारत’ पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा. जो छात्र पहले से पंजीकृत हैं, वे सीधे युवा संसद 2025-26 के लिए आवेदन कर सकते हैं. जो पंजीकृत नहीं हैं, उन्हें पहले पोर्टल पर पंजीकरण कर फिर युवा संसद के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा. प्राचार्या डॉ प्रीतिबाला सिन्हा ने जिले के युवाओं से आह्वान किया है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं.

विज्ञापन
ATUL PATHAK

लेखक के बारे में

By ATUL PATHAK

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola