नोएडा में बोकारो के शिक्षक की हत्या से सनसनी, बेटे की भी मौत
यह फोटो एआई से बनाई गई है
नोएडा में एक 16 वर्षीय किशोर ने अपने शिक्षक पिता की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी और बाद में ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। जानिए इस सनसनीखेज घटना की पूरी जानकारी।
बोकारो सेक्टर 3 निवासी कॉमर्स ट्यूटर राजू शर्मा की हत्या उनके 16 साल के बेटे अमृत ने बुधवार को कुल्हाड़ी से काटकर कर दी. यह घटना उत्तर प्रदेश के नोएडा की है. हत्या के बाद किशोर सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पहुंचा और ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी. घटना का खुलासा शनिवार को हुआ. वहीं, पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या के बाद करीब छह घंटे तक पिता के शव के साथ घर में रहा. उसने शव के पास राजू की तस्वीरें रखकर श्रद्धांजलि भी दी.
2005 से नोएडा में रह रहा था राजू
राजू शर्मा बोकारो के सेक्टर 3 का रहने वाला थे. वर्ष 2005 से नोएडा में रहकर कॉमर्स की ट्यूशन पढ़ाता था. करीब तीन महीने पहले वह अपने 16 वर्षीय बेटे अमृत के साथ गढ़ी चौखंडी गांव में किराये के मकान में रहने आया था. अमृत 11वीं कक्षा में पढ़ता था.
बेटे पर सख्ती को लेकर चर्चा
स्थानीय लोगों के अनुसार राजू बेटे को घर से बाहर जाने नहीं देता था. वह ट्यूशन पढ़ाने के लिए घर से निकलते समय अमृत को अंदर छोड़कर बाहर से ताला लगा देता था. अमृत न तो ठीक से पढ़ाई कर रहा था और न ही उसके कोई दोस्त थे. पिता के सख्त व्यवहार और अकेलेपन के कारण वह परेशान रहता था. राजू के रिश्तेदारों से भी ज्यादा संपर्क नहीं था.
2021 से पत्नी से रह रहा था अलग
राजू वर्ष 2021 से अपनी पत्नी रूबी से अलग रह रहा था. घटना के बाद पुलिस ने पत्नी रूबी और राजू के भाई अरुण से संपर्क किया. रूबी गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद बेटे अमृत का शव लेकर चली गईं. वहीं अरुण अपने भाई राजू की तलाश में जुटे रहे.
चाबियों से खुला बंद मकान
बुधवार को पुलिस को सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर अमृत के बैग से उसके और पिता के मोबाइल फोन के अलावा घर की चाबियों का गुच्छा मिला था. गुरुवार देर रात गढ़ी चौखंडी गांव स्थित मकान से बदबू आने की सूचना पुलिस को मिली. पुलिस अरुण को लेकर मौके पर पहुंची, लेकिन मकान पर ताला लगा था. अमृत के बैग से मिली चाबियों से ताला खोला गया.
शव के पास रखी थीं पिता की तस्वीरें
घर के अंदर बेड पर राजू का खून से लथपथ शव पड़ा था. शव के पास फ्रेम में राजू की दो तस्वीरें रखी थीं. पुलिस के अनुसार तस्वीरों को इस तरह रखा गया था, जैसे हत्या के बाद अमृत ने पिता को श्रद्धांजलि दी हो. घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. किशोर के इस कदम के पीछे पारिवारिक तनाव, पिता की सख्ती और अकेलेपन की भूमिका की पड़ताल की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









