सफलता बच्चों की लगन व अभिभावकों के त्याग का परिणाम : सीआरपीएफ डीआइजी
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 29 Jun 2024 11:41 PM
डीपीएस बोकारो में मेधा सम्मान समारोह का किया गया आयोजन, 144 छात्र-छात्राओं को किया गया पुरस्कृत
बोकारो. पढ़ाई के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा से विद्यालय, राज्य व देश का नाम रोशन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से डीपीएस बोकारो में शनिवार को मेधा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. मुख्य अतिथि सीआरपीएफ बोकारो रेंज के उप-महानिरीक्षक (परिचालन) ब्रजेश सिंह थे. श्री सिंह ने कहा कि यह सफलता एक दिन का प्रयास नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सतत कठिन परिश्रम, समर्पण, उनकी लगन व निरंतरता व उनके अभिभावकों के त्याग का परिणाम है. यह प्रयास आगे भी जारी रहे, क्योंकि आनेवाले समय में अभी और चुनौतियां आयेंगी, जिसे समझना होगा. अवसर पर डीआइजी की पत्नी मंजू सिंह भी उपस्थित थी. इस दौरान शैक्षिक सत्र 2023-24 के दौरान 10वीं एवं 12वीं के टॉपरों के साथ-साथ विभिन्न विषयों में शत-प्रतिशत अंक पाने वाले व समूहवार खेलकूद, वाक-पटुता, पठन-दक्षता, लेखन, कला-संगीत, कंप्यूटर साइंस, पर्यावरण-मैत्री, क्विज, छायांकन, नृत्य, अनुशासन व अन्य क्षेत्रों में सर्वश्रेष्ठ रहे कुल 144 छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया. उक्त सत्र के छात्र परिषद के हेड ब्वॉय व हेड गर्ल को भी सम्मानित किया गया.
स्कूल हर बच्चे की प्रतिभा को निखारने के लिए कटिबद्ध : डॉ. गंगवार
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. एएस गंगवार ने डीपीएस बोकारो की शैक्षिक व सह-शैक्षिक उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए मेधा सम्मान समारोह के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला. प्राचार्य ने कहा कि विद्यालय हर बच्चे की प्रतिभा को निखारने के लिए कटिबद्ध है. शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ नवाचार व रचनात्मकता को बढ़ावा देकर भावी नेतृत्वकर्ताओं का निर्माण यहां किया जा रहा है.
यमुना सदन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
चार अलग-अलग वर्गों में विद्यालय के सदनों को भी पुरस्कृत किया गया. यमुना सदन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा. खेलकूद में चेनाब सदन को बेस्ट हाउस का अवार्ड मिला, तो शिक्षा और संस्कृति में यमुना हाउस को सबसे अच्छा घोषित किया गया. वहीं, बेस्ट हाउस के लिए यमुना को ही चुना गया. हाउस के वार्डन को आरएस लुगानी ट्रॉफी मिली. मंच संचालन गौरव, अनुष्का, आरुष व मानसी ने किया. धन्यवाद ज्ञापन वाइस हेड बॉय सत्यम राज ने किया. समापन राष्ट्रगान से हुआ.
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बच्चों ने किया मंत्रमुग्ध
समारोह में छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं. कार्यक्रम के उद्घाटन के बाद विद्यार्थियों ने अतिथियों के सम्मान में मंगल बेला हर्षित आई…स्वागत गान के बाद विद्यालय गीत आया है नया सवेरा.. की सुमधुर प्रस्तुति दी. स्कूल की वाइस हेड गर्ल हिमानी सिंह ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया. स्वागत नृत्य में छात्र-छात्राओं ने भगवान विष्णु के दशावतार का सुंदर मंचन किया. वहीं, समारोह के अंतिम चरण में मानवीय मूल्यों को प्रतिबिंबित करती मनोहारी नृत्य-प्रस्तुति रिफ्लेक्शन से छात्राओं ने सबकी भरपूर सराहना बटोरी.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










