Bokaro News : अनुमंडल अस्पताल चास के आउटसोर्स स्वास्थ्यकर्मी हड़ताल पर उतरे
Published by : JANAK SINGH CHOUDHARY Updated At : 31 Mar 2026 11:21 PM
Bokaro News : अनुमंडल अस्पताल चास के आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मियों ने हड़ताल शुरू की.
अनुमंडल अस्पताल चास के आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मियों ने मंगलवार से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल शुरू की. हडताल बोकारो इस्पात कामगार यूनियन एटक के नेतृत्व में शुरू किया गया. यूनियन महामंत्री रामाश्रय प्रसाद सिंह, उपाध्यक्ष राम आगर सिंह व कार्यकारिणी सदस्य अनिल सिंह ने समर्थन किया. श्री सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग स्वास्थ्यकर्मियों के साथ दोहरी नीति अपनाता रहा है. अधिकार की जगह केवल आश्वासन दिया जा रहा है. कई माह से मानदेय बकाया है. हक मांगने पर अन्य जगह प्रतिनियुक्त किया जाता है. अविलंब चार माह का मानदेय भुगतान करना होगा. साथ ही अन्य सुविधाएं जल्द बहाल की जाये. जब तक मांग पूरी नहीं होगी, हड़ताल जारी रहेगी.
आउटसोर्स कंपनी के खिलाफ यूनियनों का धरना-प्रदर्शन
अमलाबाद में मंगलम आउटसोर्सिंग कंपनी के खिलाफ मंगलवार को कंपनी के मुख्य गेट पर बीसीएमयू और बीसीकेयू की ओर से धरना प्रदर्शन किया गया. अगुआई बीसीकेयू के अमलाबाद शाखा अध्यक्ष संजीत रजवार ने की. वक्ताओं ने कहा कि कंपनी को 75 प्रतिशत नियोजन स्थानीय लोगों को देना होगा. जमीन के बदले रोजगार देना होगा. धरना के बाद यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने प्रबंधक को मांग पत्र सौंपा. बाद में कंपनी प्रबंधन ने यूनियनों के साथ वार्ता की. कंपनी के जीएम एके सिंह ने कहा कि उक्त यूनियन के कोई भी सदस्य हमारी कंपनी में कार्यरत नहीं है और न ही यूनियन हमारे प्रतिष्ठान में पंजीकृत हैं. लगाये जा रहे आरोप निराधार हैं. कंपनी में पहले से ही लगभग 90% रोजगार स्थानीय लोगों को मिला हुआ है. आम लोगों की सेवा के लिए “मंगलम चिकित्सालय” के नाम से स्वास्थ्य सेवाएं भी शुरू की गयी हैं. वर्तमान में परियोजना प्रारंभिक चरण में है, इसलिए सीएसआर गतिविधियों को बड़े स्तर पर लागू करना संभव नहीं है. वार्ता के बाद धरना समाप्त हुआ. मौके पर रामलाल महतो, ज्योति लाल महतो, नीमाई बाउरी, संजय कालिंदी, मुकेश बाउरी, निमाई रजवार, जितेन्द्र बाउरी, रमेश रजवार, मागाराम रजवार, दीनबंधु शेखर, वंशीधर महतो, बसंत शेखर, रहिम अंसारी, रंजीत यादव, तपन प्रमाणिक, उमा गोराई, मो इब्राहीम अंसारी, अब्दुल हक, गीता देवी, उपासी देवी आदि उपस्थित थे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










