Bokaro News : माइंस में सुरक्षा खामियों पर जतायी नाराजगी

Bokaro News : सेफ्टी बोर्ड सदस्य ने बीएंडके एरिया की डीडी माइंस व एकेके ओसीपी का किया निरीक्षण
Bokaro News : प्रतिनिधि, गांधीनगर. सीसीएल सेफ्टी बोर्ड के सदस्य एवं सीटू से संबद्ध एनसीओइए के कार्यकारी अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने शनिवार को बीएंडके एरिया स्थित बोकारो कोलियरी की डीडी माइंस व एकेके ओसीपी का निरीक्षण किया. उनके साथ सीटू कोल फेडरेशन के सचिव विजय कुमार भोई, अरगड्ढा से आये रामनरेश सिंह सहि यूनियन के कई पदाधिकारी उपस्थित थे. निरीक्षण के दौरान उन्होंने माइंस में व्याप्त कई सुरक्षा खामियों पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. सबसे पहले श्री सिंह डीडी माइंस पहुंचे, जहां उन्होंने चल रहे कार्यों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने हॉल रोड की खराब स्थिति, पर्याप्त लाइटिंग की कमी, मशीनों में सुरक्षा उपकरणों का अभाव, शौचालय एवं कैंटीन की अव्यवस्था पर चिंता जतायी. उन्होंने खान प्रबंधक बीसी शुक्ला सहित अन्य अधिकारियों को इन कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिये. निरीक्षण के बाद वे पिट ऑफिस पहुंचे, जहां अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की. उन्होंने स्पष्ट कहा कि माइंस में मौजूद सभी खामियों को तत्काल दूर किया जाये, ताकि मजदूरों को सुरक्षित वातावरण में उत्पादन करने में कोई परेशानी न हो. उन्होंने यह भी कहा कि इन मुद्दों को उच्च प्रबंधन के समक्ष भी उठाया जायेगा. इसके बाद श्री सिंह खासमहल कोनार परियोजना पहुंचे, जहां उन्होंने एक्सकैवेशन में मशीनों की स्थिति का निरीक्षण किया. यहां भी उन्होंने परियोजना पदाधिकारी सुमेधानंदन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. श्री सिंह ने कहा कि सीसीएल द्वारा समय-समय पर निरीक्षण का उद्देश्य माइंस में सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करना है. उन्होंने बोकारो कोलियरी को 100 वर्ष पुरानी परियोजना बताते हुए कहा कि इसे सुरक्षित रखते हुए उत्पादन भी बनाये रखना जरूरी है. साथ ही उन्होंने परियोजना के विस्तार में आ रही शिफ्टिंग समस्या पर गंभीर मंथन की आवश्यकता जतायी. उन्होंने प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि मजदूरों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाना चाहिए. बीएंडके एरिया के उज्ज्वल भविष्य की बात करते हुए उन्होंने प्रबंधन और मजदूरों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया. मौके पर यूनियन के धर्मेंद्र यादव, वरुण कुमार, शिव शंकर तांती, सुरेश कुमार, मो सलीम, चंद्रिका मलाह, अविनाश पासवान के अलावा अभियंता चंदन कुमार, मनोज कुमार शर्मा, अर्णव कुमार, एकेके ओसीपी में पीइ दीपक कुमार आदि उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




