Bokaro News : हाथियों ने ली दादा-पोते की जान, दो बच्चे व महिला घायल

Updated:
विज्ञापन
Bokaro News : हाथियों ने ली दादा-पोते की जान, दो बच्चे व महिला घायल

Bokaro News : हाथियों के झुंड ने महुआटांड़ क्षेत्र के गांगपुर में शुक्रवार की रात को दादा-पोते की जान ले ली.

विज्ञापन

हाथियों के झुंड ने अब महुआटांड़ क्षेत्र के गांगपुर में कहर बरपाया है. शुक्रवार की रात लगभग सवा आठ बजे हाथियों ने दादा-पोते की जान ले ली. वहीं, दो बच्चों और एक महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया. मृतकों में सोमर साव (50 वर्ष) और उसका पांच वर्षीय पोता अमन कुमार शामिल हैं. सोमर साव की पोती राशि कुमारी (11 वर्ष), नाती राहुल कुमार (सात वर्ष) तथा समधन शांति देवी (60 वर्ष) घायल हैं. इन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया. सोमर के पड़ोसियों ने बताया कि घटना के समय गांव में बिजली नहीं थी. सोमर अपने घर से सटे एक पेड़ के पास थे. इसी दौरान एक हाथी उन्हें पटकते-पटकते घर के पास पहुंचा और अन्य लोगों पर हमला कर दिया. इसमें अमन की मौत हो गयी, जबकि तीन लोग घायल हो गये. हाथियों को खदेड़ने के कार्य में वन विभाग की क्यूआरटी जुट गयी है. हाथियों को जंगल की ओर भेजा जा रहा है. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है. मालूम हो कि बुधवार तड़के हाथियों के इसी झुंड ने बड़कीपुन्नू के करमाली टोला में एक ही परिवार के तीन बुजुर्गों गांगो करमाली, कमली देवी और भगिया देवी को मौत के घाट उतार दिया था.

केरी में हाथियों ने घर तोड़े, फसलें की बरबाद

हाथियों ने गुरुवार की मध्य रात्रि से शुक्रवार की सुबह तक टीकाहारा के ग्राम केरी में खूब उत्पात मचाया. दिलीप कुमार की दुकान का शटर तोड़ दिया और अंदर रखे 30 पैकेट धान खा गये. सोहामुनि देवी के घर को क्षतिग्रस्त कर तीन क्विंटल धान, तीस किलो गेहूं और दो क्विंटल चावल खा गये. बड़की देवी के घर को भी क्षतिग्रस्त कर बीस किलो गेहूं और 250 किलो धान चट कर गये. ईश्वर हांसदा व हरीलाल हांसदा के घर का दरवाजा भी तोड़ दिया. परिजनों ने भाग कर अपनी जान बचायी. लिलमुनि देवी, संतोष तुरी व सुगन तुरी का सब्जियाें की फसल भी खा गये और बर्बाद कर दिया. जानकारी है कि वन विभाग गोमिया की टीम की तत्परता से एक मां-बेटी की जान बची है.

डीएफओ ने लिया जायजा

शुक्रवार को डीएफओ संदीप शिंदे ने महुआटांड़ क्षेत्र का दौरा किया. उन्होंने क्यूआरटी के साथ रजरप्पा रोड किनारे बैठ कर सक्रिय हाथियों के झुंड के बारे में चर्चा की और हाथियों को खदेड़ने को लेकर रणनीति बनायी. हाथी भगाओ दल के सदस्यों का हौसला भी बढ़ाया.

विज्ञापन
Janak Singh Choudhary

लेखक के बारे में

By Janak Singh Choudhary

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola