पश्चिम बंगाल की तर्ज पर झारखंड में प्रखंड और पंचायतवार नियोजन नीति बनाने की मांग, सालखन मुर्मू ने साधा निशाना

आदिवासी सेंगेल अभियान ने किया ‘झारखंड बचाओ’ अभियान का आगाज किया. इसके तहत पश्चिम बंगाल की तर्ज पर प्रखंड और पंचायतवार नियोजन नीति बनाने की मांग की. इसी मांग को लेकर बाेकारो जिले के सभी प्रखंडों में 10 अप्रैल को महाधरना देने की घोषणा की गयी.
Jharkhand News: झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा की ओर से बोकारो जिला अंतर्गत नया मोड़ स्थित बिरसा आश्रम में आयोजित बैठक में झारखंड आंदोलनकारियों एवं झारखंडियों के अस्तित्व की रक्षा के लिए ‘झारखंड बचाओ’ अभियान का आगाज किया गया. इसके तहत पश्चिम बंगाल की तर्ज पर पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर नियोजन नीति लागू करने की मांग को लेकर बोकारो जिला के सभी प्रखंडों में 10 अप्रैल को महाधरना दिया जायेगा.
सालखन मुर्मू ने पक्ष-विपक्ष पर साधा निशाना
इस मौके पर मुख्य अतिथि आदिवासी सेंगेल अभियान के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व सांसद सालखन मुर्मू ने कहा कि झारखंड बने 22 साल हो गये, लेकिन अभी तक राज्य में नियोजन नीति नहीं बन पायी है. नियोजन नीति के मामले में पक्ष और विपक्ष दोनों ने झारखंड की जनता के साथ एक प्रकार से धोखेबाजी वाली नूरा कुश्ती चालू कर रखी है. राज्य के लाखों युवा बेरोजगारी का दंश झेल रहे हैं और इसके लिए पक्ष और विपक्ष दोनों दोषी हैं.
पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर नियोजन नीति लागू हो
श्री मुर्मू ने कहा कि झारखंड के अस्तित्व की रक्षा के लिए पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर नियोजन नीति लागू होना चाहिए. सरकार प्रखंड स्तरीय नियोजन नीति बनाकर युवाओं को रोजगार दे. सरकार को 90 प्रतिशत नौकरियां ग्रामीण क्षेत्रों में देनी चाहिए. प्रखंड स्तरीय कोटा बनाया जाए और उसी प्रखंड के लोगों को नौकरी में प्राथमिकता मिले. इसमें न तो खतियान की जरूरत होगी और न ही कोई परेशानी होगी.
बेहतर व वृहत झारखंड की लड़ाई की जरूरत
झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के संस्थापक एवं केंद्रीय महासचिव पुष्कर महतो ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों को ही आज बेहतर एवं वृहत झारखंड की लड़ाई एक बार फिर करनी होगी. अध्यक्षता करते हुए कुशवाहा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश महतो ने कहा कि आज हमें अपनी पहचान के सवाल को लेकर एक बार पुनः आंदोलन करना पड़ रहा है. यह सबसे बड़ी विडंबना है. बोकारो जिला से झारखंड आंदोलन बचाओ अभियान को गतिमान किया जायेगा.
Also Read: झारखंड में फिर से रसोई की शान बनेगा ‘श्री अन्न’, जानें कैसे
हम लड़ेंगे और जीतेंगे
झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष विदेशी महतो ने कहा कि झारखंड के लोगों ने अपने मान-सम्मान, स्वाभिमान के मुद्दे पर कभी समझौता नहीं किया है, आगे भी कोई समझौता नहीं होगा. हम लड़ेंगे और जीतेंगे. मोर्चा के बोकारो जिला प्रधान महासचिव राजदेव महथा ने कहा कि संघर्ष की माटी से उपजे हैं हम आंदोलनकारी और अपने आंदोलन से ही बोकारो जिला पूरे राज्य में एकऔर नया इतिहास लिखेगा.संचालन आदिवासी सेंगेल अभियान के प्रदेश अध्यक्ष देवनारायण मुर्मू ने किया.
कौन-कौन थे उपस्थित
इस मौके पर सुमित्रा मुर्मू, अखिलेश्वर प्रसाद महतो, हाबुलाल गोराईं, खिरोधर महतो, करम चांद हांसदा, देवनारायण मुर्मू, संतोष कुमार सिंह, खिरोधर महतो, खगेंद्र नाथ वर्मा, भरत महतो, ज्योति लाल महतो, भागीरथ महतो, सहदेव महतो, गोलबाबू अंसारी, ललिता शेरेन, मनीलाल मांझी, हराधन तुरी, चंडी चरण महतो, निखिल मल्लिक,लाल मोहन अंसारी, अमिर शेख, फुलेश्वरी हेंब्रम, गुलाबी देवी, कौशल्या देवी, गंगा मुनी किस्कू, अर्जुन महतो, गणेश महतो, कृष्णा महतो, तेजुलाल महतो, कामदेव महतो, विश्वेश्वर महतो, काला चांद महतो, शिबू दिगर,टेक लाल महतो सहित दर्जनों आंदोलनकारी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




