Bokaro News: स्टूडेंट्स से फिल्म एक्टर तक के सफर में डीएवी-04 का रहा विशेष योगदान : इमरान

Published by : MAYANK TIWARI Updated At : 02 Feb 2026 12:18 AM

विज्ञापन

Bokaro News: डीएवी सेक्टर चार ने रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ रविवार को 50 वर्ष प्लस गोल्डेन जुबली वार्षिकोत्सव ''''तरंग'''' मनाया. कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रिय रंजन (डायरेक्टर इंचार्ज-बीएसएल) व ''''अब दिल्ली दूर नहीं'''' फेम फिल्म अभिनेता विशिष्ट अतिथि इमरान जाहिद सहित अन्य आगत अतिथियों नेदीप प्रज्वलन, संस्कृत स्वागत गीत व डीएवी गान के साथ किया. शैक्षणिक क्षेत्र में आउटस्टैंडिंग रैंक होल्डर्स 400 छात्रों को ट्रॉफी प्रदान कर पुरस्कृत किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद थे.

विज्ञापन

कक्षा दो की बाल कलाकार कोकिल स्वर की स्वामिनी अदित्री ने सत्यम शिवम सुंदरम गीत की शानदार प्रस्तुति से संपूर्ण परिसर को भाव विभोर कर दिया. स्वागत नृत्य “स्वागतम शुभ स्वागतम”, नर्सरी के बच्चों का “रैंप वॉक “, गंगा की पुकार दर्शाता नृत्य नमामि गंगे, “विविधता में एकता ” का संदेश देती यूकेजी के बच्चों के नृत्य पर पांव बरबस थिरक उठे.

नाटक व नृत्य से बच्चों ने जंक फूड के नुकसान समेत कई मुद्दों पर किया जागरूक

तर्कपूर्ण न्याय की मुखालफत करता हिंदी नाटक “अंधेर नगरी”, जंक फूड के नुकसान गिनाता कक्षा- 1 और 2 के बच्चों की प्रशंसनीय नृत्य , “मेरे ढोलना सुन ” गाने पर मनोहारी नृत्य, बीरबल की विद्वता पर आधारित अंग्रेजी नाटक, भारत की विराट व अमूल्य सांस्कृतिक समृद्धता की पहचान उड़ीसा, हरियाणा, पंजाब व बिहार के लोक नृत्य, बाल श्रम निषेध की प्रेरणा देता मूक अभिनय (माइम), अक्षुण्ण वैवाहिक संबंधों की अपरिहार्यता दर्शाता कव्वाली, पुराने फिल्मी नगमे का आधुनिक अभिरंजन ने मन मोह लिया.

राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं डीएवी सेक्टर चार के विद्यार्थी

मुख्य अतिथि प्रिय रंजन ने कहा कि डीएवी शिक्षा, सांस्कृतिक चेतना व आध्यात्मिक विरासत की त्रिवेणी स्थली है. श्री रंजन ने बच्चों की रंगारंग प्रस्त़ति की सराहना की. कहा कि डीएवी के बच्चे शिक्षा के साथ खेलकूद व अन्य विधाओं में राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं. विशिष्ट अतिथि इमरान जाहिद ने कहा कि उन्हें गर्व है कि वह डीएवी सेक्टर-04 में बारहवीं कक्षा तक पढ़े हैं. कहा कि आज जो सफलता मिली है, उसमें डीएवी सेक्टर-04 के बेहतर शैक्षणिक माहौल में अनुशासन के साथ शिक्षा का विशेष योगदान हैं.

शैक्षणिक, खेलकूद, कला व संस्कृति के क्षेत्र में विद्यालय की उपलब्धियां की चर्चा की

डीएवी सेक्टर-04 के प्राचार्य एसके मिश्रा ने अतिथिवृंद का स्वागत करते हुए उनके गरिमामय उपस्थिति को नमन किया. विद्यालय के वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए उन्होंने शैक्षणिक, खेलकूद, कला व संस्कृति के क्षेत्र में विद्यालय की उपलब्धियां की चर्चा के साथ -साथ विभिन्न कार्यिक क्षेत्र में प्रतिष्ठित पदों पर आसीन डीएवी के पूर्व छात्रों की सफलता का भी उल्लेख किया. स्कूल के पूर्व छात्र फिल्म अभिनेता अभिनेता इमरान जाहिद की विशेष तौर पर कार्यक्रम में शिरकत करने के लिये आगमन पर प्रशंसा आभार जताया.

नेशनल लेवल के गोल्ड मेडलिस्ट 27 बच्चों व 25 वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों को मिला सम्मान

डीएवी स्पोर्ट्स नेशनल लेवल के गोल्ड मेडलिस्ट 27 बच्चों व विभिन्न क्षेत्रों विज्ञान, नृत्य, लेखन, खेल, चित्रकला आदि में अपनी प्रतिभा से पुरस्कृत हो विद्यालय को बाह्य क्षेत्र में अभिमानित करने वाले सभी छात्रों व सौ प्रतिशत उपस्थिति वाले बच्चों को भी सम्मानित किया गया. डीएवी संस्थान में निरंतर 25 वर्षों से समर्पण पूर्वक सेवाएं प्रदान करने वाले सभी शिक्षकों व विद्यालय कर्मचारियों को भी कार्यक्रम में सम्मानित कर उनके अमूल्य योगदान का गरिमामय अभिनंदन किया गया, जिसपर शिक्षक भावुक नजर आये.

विज्ञापन
MAYANK TIWARI

लेखक के बारे में

By MAYANK TIWARI

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola