नया मोड़-सीजेड गेट-माराफारी मनसा गेट मार्ग सड़क जर्जर, वर्षों से नहीं हुई मरम्मत

| Prabhat Khabar Network
बोकारो में नया मोड़ से सीजेड गेट तक की सड़क वर्षों से जर्जर है। गड्ढों के कारण राहगीरों को भारी परेशानी हो रही है, स्थानीय लोगों ने मरम्मत की मांग की है।
बोकारो. नया मोड़ से सीजेड गेट होते हुए माराफारी मनसा गेट तक जाने वाली सड़क वर्षों से मरम्मत नहीं होने के कारण जर्जर हो चुकी है. सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे और उखड़ी डामर की परत हर दिन हादसों को न्योता दे रही है. बीएसएल के हजारों ठेका मजदूरों इसी मार्ग से सीजेड गेट होकर कार्यस्थल पहुंचते हैं. इसके अलावा माराफारी मनसा गेट, जोशी कॉलोनी, एलएच, बीएसएल झोपड़ी कॉलोनी, आजाद नगर, कर्नल मार्केट सहित आसपास के कई मोहल्लों के लोग भी इसी सड़क पर निर्भर हैं. सुबह ड्यूटी का समय हो या शाम को घर लौटने की भीड़, हर समय इस सड़क पर वाहनों और राहगीरों की आवाजाही बनी रहती है. जर्जर सड़क के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है. कई बार दुर्घटना भी हो चुकी हैं. बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से गहराई का पता नहीं चल पाता है. रात में पर्याप्त रोशनी नहीं होने से स्थिति और खराब हो जाती है.
मिलता रहा आश्वाासन, नहीं हुई मरम्मत
क्षेत्र के श्रवण झा, वीरेंद्र सिंह, कुंवर सिंह, मोनू, प्रमोद सिंह, बैधनाथ प्रसाद आदि का कहना है कि कई बार सड़क मरम्मत की मांग उठाई गयी, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला. सड़क की बदहाली का असर सिर्फ आवाजाही पर नहीं, बल्कि लोगों के समय, ईंधन और वाहनों के रखरखाव पर भी पड़ रहा है. रोजाना जाम जैसी स्थिति बनती है और वाहन रेंगते हुए गुजरते हैं.स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन, बीएसएल प्रबंधन और संबंधित विभाग से अविलंब सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते इस सड़क का पुनर्निर्माण नहीं कराया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










