9 अगस्त को होगा बोकारो आदिवासी महोत्सव, तैयारियों की उपायुक्त ने की समीक्षा
दिशा-निर्देश देते डीसी अजय नाथ झा | Prabhat Khabar Network
बोकारो में 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस पर भव्य महोत्सव का आयोजन होगा। उपायुक्त ने तैयारियों की समीक्षा की, दिखेगी जनजातीय संस्कृति और परंपरा की झलक।
बोकारो: विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर 9 अगस्त को आयोजित होने वाले बोकारो आदिवासी महोत्सव की तैयारियों को लेकर मंगलवार को समाहरणालय कार्यालय कक्ष में उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में बैठक हुई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि कार्यक्रम को जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा व विरासत के अनुरूप आकर्षक व गरिमामय स्वरूप दिया जाए।
उपायुक्त ने आयोजन में फाइन आर्ट्स प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पारंपरिक जनजातीय वाद्ययंत्रों की प्रस्तुति, जनजातीय कला व शिल्प प्रदर्शनी, लाइव पेंटिंग, ट्रेडिशनल फूड स्टॉल, आदिवासी हस्तकला की प्रदर्शनी समेत अन्य जनजातीय थीम आधारित गतिविधियों को शामिल करने का निर्देश दिया।
शिबू सोरेन स्मृति भवन में होगा महोत्सव, विभागवार सौंपी गई जिम्मेदारी
बोकारो आदिवासी महोत्सव का आयोजन टाउन हॉल स्थित शिबू सोरेन स्मृति भवन सभागार में होगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया।
जनजातीय गौरव, परंपरा व प्रतिभा के उत्सव का साक्षी बनेगा बोकारो
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि बोकारो में निवासरत प्रत्येक जनजातीय समुदाय की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान, गौरवशाली विरासत व लोकजीवन का उत्सव होगा। महोत्सव के जरिये जिले के विभिन्न जनजातीय समुदायों की सांस्कृतिक विविधता को एक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें आमजन को उनकी परंपराओं, कला, संस्कृति व जीवन मूल्यों को निकट से जानने व समझने का अवसर मिलेगा। साथ ही स्थानीय कलाकार, शिल्पकार व लोक कलाकारों को प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच भी उपलब्ध होगा।
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










